कुएं में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा खास गांव में सोमवार की सुबह देवस्थान के पीपल के पेड़ के समीप स्थित पुराने कुएं में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह गांव के देवस्थान के पास तेज दुर्गंध महसूस की। इस पर ग्रामीणों ने आसपास छानबीन शुरू की। गंध की दिशा कुएं की ओर से आने पर, संदेह वश जब लोगों ने कुएं में झांका तो पानी में एक व्यक्ति का शव उतराया दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और चोपन पुलिस को कुएं में शव होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, कुएं के पास एक-दो दिन पहले से काले रंग का कपड़े और गर्म कपड़ों से भरा बैग तथा एक छोटी डायरी पड़ी दिखाई दी थी। पुलिस ने डायरी में मिले विवरण के आधार पर मृतक के छोटे भाई से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। शव की पहचान रोपाडंडी ग्राम पंचायत के हर्रा गांव निवासी सुनील चेरो (28 वर्ष) पुत्र महेंद्र के रूप में हुई। बताया गया कि सुनील गुजरात में काम करता था और दीपावली पर अपने घर के लिए चला था लेकिन घर नहीं पहुंचा था। इसी दौरान उसका शव कुएं में मिलने से परिवार में शोक व्याप्त है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई और वह कुएं तक कैसे पहुंचा, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
Views: 1








