साइबर ठगों ने बगैर ओटीपी के बैंक खाते से उड़ाए हजारों रुपए
गाजीपुर। साइबर अपराधियों द्वारा धोखाधड़ी का नया तरीका सामने आया है जिसमें ठग बिना ओटीपी पासवर्ड या यूपीआई पिन के बैंक के खाते से रुपए उड़ा दे रहे हैं। इससे खाताधारकों में भय व्याप्त है।
उल्लेखनीय है कि आमतौर पर लोगों को जागरूक किया जाता है कि ओटीपी या पिन किसी से शेयर न करें लेकिन अब बगैर ओटीपी के ही साइबर अपराधी धोखाधड़ी कर रहे हैं।
घटना दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के देवा गांव निवासी संजय कुमार चौबे की है । उनके पंजाब नेशनल बैंक के खाते से मंगलवार सात जुलाई को रात्रि समय 8:26 बजे खाते से बाइस हजार रुपए बिना ओटीपी बिना कोई लिंक के साइबर ठगों ने उड़ा दिया। इसकी जानकारी बुधवार को प्रातः मोबाइल पर मैसेज देखने पर हुई। उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्प लाइन पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराया तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी घटना की विस्तृत शिकायत दर्ज कराया तथा कस्टमर केयर के द्वारा अपने बैंक में भी शिकायत दर्ज कराया जिसकी सूचना स्थानीय साइबर क्राइम प्रभारी दुल्लहपुर को दिया। पीड़ित द्वारा तुरंत एक्शन लेने तथा साइबर अधिकारियों की तत्परता के कारण पन्द्रह हजार रुपए पीड़ित संजय कुमार चौबे के खाते में लगभग दस बजे वापस आ गया।
Views: 16









