अनियंत्रित मैजिक की टक्कर से एक किशोर की मौत, दूसरा जख्मी

गाजीपुर। परिजनों सहित मन्दिर में दर्शन पूजन हेतु पहुंचे आजमगढ़ निवासी एक परिवार को अचानक दुखद परिस्थितियों का सामना करना जब डीजे लदी मैजिक की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई, वहीं उसका मौसेरा भाई भी घायल हो गया।


         बताते चलें कि आजमगढ जनपद के मालपार (पल्हना) निवासी बबलू गौड़ बुधवार को अपने परिवार और रिश्तेदारों संग बहरियाबाद थाना क्षेत्र के हुसैनपुर मुर्थान स्थित टड़वा भवानी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आए थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे सभी लोग नाश्ता कर रहे थे। उसी दौरान बबलू गौड़ का 12 वर्षीय पुत्र शिवम गौड़ और उसका मौसेरा भाई 10 वर्षीय निखिल निवासी कांजही थाना  देवगांव, आजमगढ़ मंदिर परिसर के बाहर सड़क किनारे खड़े थे। उसी दौरान बेलहाडीह की तरफ से आ रही डीजे लदी अनियंत्रित पिकअप ने दोनों मौसेरे भाइयों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

          सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तत्काल दोनों बच्चों को परमानपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सक ने शिवम गौड़ को मृत घोषित कर दिया। बेटे के मृत्यु पर माता खुशबू और पिता बबलू गौड़ के करुण पुकार से वहां मौजूद लोगों की आंखें नम रहीं। घायल निखिल गौड़ का इलाज चल रहा है। बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि शिवम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक शिवम के पिता बबलू गौड़ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Views: 11


Leave a Reply