हमारी बेटियां, हमारा गौरव” कार्यक्रम में किशोरियों को दी गयी जानकारी
गाजीपुर। “हमारी बेटियां, हमारा गौरव” कार्यक्रम के अंतर्गत किशोर-किशोरियों एवं युवा लीडरों के साथ विशेष संवाद एवं प्रेस वार्ता का आयोजन शुभ्रा होटल, महुआबाग में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में माहवारी से जुड़े विषयों यथा माहवारी स्वच्छता, किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा समाज में प्रचलित भ्रांतियों एवं मिथकों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि आज भी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अनेक किशोरियां माहवारी से जुड़ी सही जानकारी के अभाव में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं सामाजिक संकोच का सामना कर रही हैं। ऐसे में जागरूकता, सुरक्षित साधनों का उपयोग, पोषणयुक्त आहार तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच अत्यंत आवश्यक है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान किशोर-किशोरियों एवं युवा लीडरों ने खुलकर अपने अनुभव साझा किए तथा माहवारी से जुड़े मिथकों, चुनौतियों एवं बदलाव की आवश्यकता पर बल दिया। मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर किशोर-किशोरी लीडर नीतू, अंजली, उम्मे साहिबा, पूजा राजभर, चन्दन एवं प्रिंस द्वारा दिया गया। कार्यक्रम में महिला चिकित्सक डॉ. नम्रता श्रीवास्तव एवं डॉ. प्रीति पाल (सीनियर मेडिकल ऑफिसर) द्वारा विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें माहवारी क्या है, स्वच्छता, पोषण, दर्द, अनियमितता, सावधानियां एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियों पर चर्चा की गई। साथ ही “झिझक छोड़ो, खुलकर पूछो” प्रश्न मंच का आयोजन किया गया, जिसमें गोपनीय प्रश्न भी स्वीकार किए गए और किशोर-किशोरियों को विशेषज्ञों से खुलकर बातचीत करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के अंतर्गत “महीने के वो 5 दिन” विषय पर रोल प्ले भी प्रस्तुत किया गया। वहीं आशा, अर्चना, श्वेता, जीनत, अंजू एवं अंजली राजभर द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वक्ताओं ने कहा कि “हमारी बेटियां, हमारा गौरव” कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के स्वास्थ्य, सम्मान, शिक्षा एवं आत्मविश्वास को मजबूत करना है। किशोरियों को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाकर ही एक स्वस्थ एवं समानतापूर्ण समाज की स्थापना संभव है।
कार्यक्रम में सुश्री लालसा भारद्वाज, बृजकिशोर यादव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, शिक्षकगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किशोर-किशोरियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को माहवारी स्वच्छता से संबंधित जागरूकता सामग्री वितरित की गई तथा सभी को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
Views: 0









