विदेश में रोजगार हेतु पंजीकरण आरंभ
गाजीपुर। जनपद के विभिन्न कैटेगरी के कुशल अभ्यर्थियों व निर्माण श्रमिकों के विदेश में रोजगार हेतु रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा आरम्भ है।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि सऊदी अरब मेें निर्माण श्रमिकों तथा जर्मनी, इजराइल एवं जापान देश में होम बेस्ट केयरगिवर, केयरगिवर तथा असिस्टेन्ट नर्स के पदों पर एनएसडीसी द्वारा आर. ए. के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न कैटेगरी के श्रमिकों को विदेश भेजे जाने की कार्यवाही की जानी है। उन्होंने बताया कि फेब्रिक सुपरवाईजर, मैकेनिकल हेल्पर, सीएस वेल्डर्स, टीआईजी एण्ड एआरसी, स्ट्रेक्चरल फैब्रिकेटर, पाईप फैब्रिकेटर, मैकेनिकल टेक्नीशियन, फैब्रिकेशन फोरमैन, मैकेनिकल फिटर, नर्स, होम बेस्ट केयरगिवर, केयरगिवर तथा असिस्टेन्ट नर्स के पदों पर भर्ती की जा रही है। इसके लिए प्रमुख अर्हताओं में आयु सीमा 20 से 48 वर्ष, कम से कम तीन वर्ष की बैधता का पासपोर्ट, सम्बन्धित ट्रेड में कम से कम तीन वर्ष का कार्य का अनुभव इत्यादि हैं। अन्य शर्तें एवं अर्हताएं सेवायोजन विभाग के पोर्टल रोजगार संगम rojgaarsangam.up.gov.in पर उल्लिखित है।
प्री-स्क्रीनिंग की कार्यवाही विदेश में श्रमिकों को भेजने हेतु चयन की कार्यवाही की प्रथम चरण की प्रक्रिया है। इसके उपरान्त प्री-स्क्रीनिंग में उत्तीर्ण श्रमिकों का कौशल टेस्ट (RPL) कराया जायेगा। आरपीएल प्रमाण-पत्र प्राप्त श्रमिकों को चयन हेतु विदेश की संस्थान आर.ए. द्वारा प्रोफेशनल टेस्ट लिया जायेगा। इस टेस्ट में उत्तीर्ण श्रमिकों के पुलिस वेरीफिकेशन एवं मेडिकल की कार्यवाही की जायेगी। प्री-स्क्रीनिंग की कार्यवाही किसी भी प्रकार से श्रमिकों के विदेश में भर्ती हेतु चयन होने की वैधता नहीं है, अपितु आर.ए. द्वारा चयन की कार्यवाही का एक चरण है। आईटीआई एवं सेवायोजन कार्यालय द्वारा विदेश की संस्था आर.ए. को चयन की कार्यवाही हेतु सम्बन्धित ट्रेड के निर्माण श्रमिक उपलब्ध कराना है। अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को विदेश भेजे जाने का कार्य एनएसडीसी व आर.ए. द्वारा किया जाना है। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी जनपद के सेवायोजन कार्यालय अथवा कॉल सेन्टर नंम्बर-155330 के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।
Views: 13










