प्रदेश में 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले

वाराणसी और कानपुर के मंडलायुक्त सहित चंदौली, भदोही, गोंडा, जौनपुर और श्रावस्ती को मिले नए जिलाधिकारी


लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है।      इस प्रशासनिक बदलाव में वाराणसी और कानपुर के मंडलायुक्तों की अदला-बदली के साथ कई जिलों के जिलाधिकारी भी बदले गए हैं। 

      इसके अनुसार, औद्योगिक विकास, नगर विकास और अन्य विभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

       जारी आदेश के अनुसार, के. विजयेन्द्र पांडियन को कानपुर मंडलायुक्त के पद से स्थानांतरित कर वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को कानपुर मंडल के मंडलायुक्त की जिम्मेदारी सौंपीं गयी है। रविकुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर के पद से स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर नियुक्त किया गया है।

जिला स्तरीय बदलाव के तहत भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार को चंदौली का डीएम तो अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी और भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है।

रमेश रंजन को गोंडा का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वह अभी राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात थे। गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास बनाया गया है। स्थानांतरणाधीन उमेश मिश्रा को जौनपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। जौनपुर के डीएम सैमुएल पॉल एन को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां की जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह अभी विशेष सचिव, नागरिक सुरक्षा एवं राजनैतिक पेंशन के पद पर तैनात थे। श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार बनाया गया है। शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

     इसके अलावा श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।

Views: 0


Leave a Reply