मजदूरों की समस्याओं को लेकर महामहिम राष्ट्रपति एवं राज्यपाल को ज्ञापन
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन, जखनियां द्वारा मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर महामहिम राष्ट्रपति एवं महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी जखनियां को सौंपा गया।
अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर यूनियन के मंत्री विरेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि कारखानों, भूमिहीन, दिहाड़ी, भट्ठा तथा असंगठित क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों की स्थिति आज भी अत्यंत दयनीय है। उन्होंने मजदूरों की बदहाल स्थिति की ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए चार श्रम कानूनों को निरस्त कर पूर्व के 29 श्रम कानूनों को पुनः बहाल करने, पूर्व की भांति पेंशन व्यवस्था लागू करने, मजदूर आंदोलनों के दमन पर रोक लगाने एवं गिरफ्तार मजदूर नेताओं व पत्रकारों को तत्काल रिहा करने की मांग उठाई है। इसके साथ ही यूनियन ने यह भी मांग की कि कारखानों, भूमिहीन, भट्ठा, दिहाड़ी एवं असंगठित क्षेत्र के सभी मजदूरों का श्रम कार्ड बनाया जाए और न्यूनतम मजदूरी 26 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित करने, भूमिहीन मजदूरों को आवासीय एवं खेती योग्य जमीन उपलब्ध कराने के अतिरिक्त अंत्योदय, जॉब कार्ड, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आवास, शौचालय सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र मजदूरों तक सुनिश्चित करने की बात कही गई।
यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
Views: 12









