जागरूकता रैली को जिला न्यायाधीश ने दिखायी झंडी
लोक अदालत नौ मई को होगी आयोजित
गाजीपुर। आगामी नौ मई को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने प्रचार रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
यह प्रचार रैली जनपद के दूरस्थ अंचलों तक पहुंच कर आम जन को लोक अदालत से होने वाले लाभ के विषय में अवगत करायी। बताया गया कि ऐसे सभी व्यक्ति, जिनके छोटे-छोटे मामले वर्षों से न्यायालय में लम्बित हैं, वे लोक अदालत में उन्हें निस्तारित कराकर इस अवसर का लाभ उठायें।
राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी अपर जिला जज शक्ति सिंह द्वारा लोक अदालत के विषय में जानकारी देते हुए बताया गया कि दिनांक 09 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्य कार्यक्रम जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित किया गया है। लोक अदालत में समस्त प्रकार के शमनीय अपराधिक मामले, चैक बाउंस से संबंधित धारा 138 एन.आई. एक्ट के वाद, बैंक रिकवरी वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रमवाद, बिजली एवं जल के बिल से संबंधित शमनीय दण्ड वाद, वैवाहिक / पारिवारिक वाद, भूमि अध्याप्ति वाद, सेवानिवृत्ति के परिलाभों सम्बंधी मामले, राजस्व वाद, अन्य सिविल वाद आदि मामले निस्तारित किये जायेंगे।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय शैलोज चन्द्रा, अपर जिला जज अली रजा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड, सिविल बार संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह व सचिव अंजनी ठाकुर सहित बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारीगण व अधिवक्ता उपस्थित रहे।
Views: 10








