विधायक ने किया कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारम्भ

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन योजनान्तर्गत हाईटेक कालेज आफ मैनेजमेंट एण्ड ई टेक्नोलॉजी हंसराजपुर में शनिवार को प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारम्भ विधायक जखनियां बेदी राम ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस निःशुल्क रोजगार परक कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्र में एक सौ युवतियों को फैशन डिजाइनिंग का प्रशिक्षण देकर उन्हें स्व रोजगार हेतु प्रेरित किया जायेगा।
संस्थान के प्रबन्धक प्रकाश गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। संस्थान द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
जेसीआई के सलाहकार और वरिष्ठ पत्रकार डा. ए के राय की अध्यक्षता में सम्पन्न कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डा.पंकज दूबे प्रबन्धक विमला रमाशंकर महाविद्यालय, शाहपुर, यूसुफपुर ने ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित प्रशिक्षण संस्थान की उपयोगिता की चर्चा करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की युवतियों को लाभ मिलेगा और उनके कौशल का विकास होगा।
मुख्य अतिथि विधायक जखनियां बेदी राम ने अपने सम्बोधन में सरकार की नीतियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनसे लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पुरुष के प्रशिक्षित होने से जहां एक परिवार लाभान्वित होता है, वहीं महिलाओं के लाभान्वित होने से दो परिवारों को लाभ मिलता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थिनियों से लगन और मेहनत के साथ प्रशिक्षण पूर्ण करने की प्रेरणा दी और संस्थान को सहयोग का भरोसा दिया।
अध्यक्ष डा. ए के राय ने अतिथियों, प्रशिक्षकों सहित उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षणार्थिनियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एम आई एस मैनेजर विकास यादव,चंद्रशेखर यादव, संजय भारद्वाज, सिराजुद्दीन अंसारी, विनोद कुमार, अमित यादव, सुरेश यादव, प्रतीक गुप्ता, ममता गुप्ता, निकिता राय
सहित काफी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।


Views: 28

Advertisements

Leave a Reply