स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों में संशोधन को लेकर विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन

गाजीपुर। स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर सादात क्षेत्र के भीमापार स्थित विद्युत उपकेंद्र पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर आक्रोश व्यक्त किया।


          क्षेत्र के इकरा, कुड़वा, उचौरी और अमीरहां गांव की दर्जनों महिला उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते हुए एसडीओ प्रदीप सिंह को उनके चैम्बर में ही बंधक बना दिया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने विभागीय कर्मचारी संतु यादव पर धक्का-मुक्की करने का आरोप भी लगाया। इससे महिलाएं आक्रोशित हो गयीं।

       प्रदर्शनकारी महिला उपभोक्ताओं का कहना था कि अपनी विद्युत बिल आदि समस्याओं को लेकर वे काफी परेशान हैं। कई दिनों से वे कार्यालय की चक्टर काट रही हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिलों में अचानक बेतहाशा वृद्धि हुई है। पहले घरेलू बिजली का बिल जहां 250 से 400 रुपये तक आता था। अचानक ही अब उसी घर का बिजली बिल चार से पांच हजार रुपये तक पहुंच गया है। वहीं महिलाओं ने कहा कि बिल का मात्र 300-400 रुपये बकाया होने पर भी बिजली कनेक्शन काट दिए जा रहे हैं।

           आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बिल सही करने और तत्काल बिजली आपूर्ति दुरस्त कराने तथा स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की भी मांग को लेकर इकरा की सीमा देवी के नेतृत्व में राधिका देवी, रीमा, अनिता, सुनीता, अंजली, सावित्री, शीला, बसंती, मुनिया, चंदा, रत्ना, रूबी, लीलावती सहित बड़ी संख्या में महिलाएं इस प्रदर्शन में शामिल रहीं। 

          प्रदर्शन की सूचना पर भीमापार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर ताला खुलवा कर एसडीओ को बंधन मुक्त कराया।

          इस प्रकरण पर एसडीओ प्रदीप सिंह ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से कहा कि स्मार्ट मीटर बदलना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है, लेकिन बढ़े हुए बिल और बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतों को यथा सम्भव दूर किया जाएगा। एसडीओ ने पीड़ित उपभोक्ताओं से प्रार्थना पत्र देने को, और तीन दिन में समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।

Views: 10

Advertisements

Leave a Reply