ऊर्जा मंत्री ने वाराणसी में विद्युत वैन का किया उद्घाटन
ट्रांसफॉर्मर बदलने से लेकर एचटी फॉल्ट तक का होगा त्वरित समाधान
प्रतिदिन 8-8 घंटे की तीन शिफ्टों में काम करेगी विशेष टीम
वाराणसी। जिले के विद्युत उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता की बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज शहर में दो अत्याधुनिक ’24×7 वैन’ का उद्घाटन किया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्युत फॉल्ट सुधार में लगने वाले समय को न्यूनतम करना है।
इन दोनों विशेष वाहनों को हर प्रकार की तकनीकी चुनौती से निपटने के लिए आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक टी एंड पी किट से सुसज्जित किया गया है। शहर में सही मायनों में 24×7 सेवाएं देने के लिए, इन वाहनों पर तैनात कर्मचारियों की टीम प्रतिदिन 8-8 घंटे की तीन शिफ्टों में कार्य करेगी। प्रत्येक शिफ्ट में सुपरवाइजर, लाइनमैन और हेल्पर सहित कुशल कर्मचारियों की टीम तत्पर रहेगी। इस आपातकालीन वैन के एचटी रखरखाव एवं ट्रांसफॉर्मर प्रतिस्थापन, हाई टेंशन लाइनों का मेंटेनेंस, ब्रेकडाउन सुधार तथा आवश्यकता पड़ने पर ट्रांसफॉर्मर व क्रॉस आर्म को तुरंत बदलने की कार्रवाई की जायेगी। वहीं अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से भूमिगत केबलों में आए फॉल्ट का त्वरित पता लगाने के साथ ही, जर्जर व खराब केबल और क्षतिग्रस्त कंडक्टर को समय पर बदला जा सकेगा। वैन की मदद से प्राकृतिक आपदा या दुर्घटना के कारण टूटे या झुके हुए खम्भों को सीधा करने या उन्हें तत्काल बदलने, पेड़ों की छंटाई एवं लाइन क्लीयरेंस में सफलता मिलेगी। इसके अलावा किसी भी क्षेत्र में बिजली बाधित होने पर तुरंत मौके पर पहुंचना और फॉल्ट को दूर कर जल्द से जल्द सप्लाई बहाल की जा सकेगी।।
उद्घाटन के अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। वाराणसी में इन बहुउद्देशीय आपातकालीन वाहनों के संचालन और नियमित लाइन सर्वे जैसी प्रो-एक्टिव कार्यप्रणाली से न केवल विद्युत लाइनों की उम्र बढ़ेगी, बल्कि आम जनता को बिजली कटौती की समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी।
Views: 16









