दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन युवकों की मौत, तीन जख्मी 

गंभीर हालत में घायल एक युवक वाराणसी ट्रामा सेन्टर में भर्ती 


गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के टांड़ा गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में क्षेत्र के मुबारकपुर हरतरा निवासी शनि कुमार, दीपक यादव और आसपुर खुमिया निवासी विजय उर्फ रोलू राजभर की दुखद मौत हो गई। वहीं तीन अन्य युवक घायल हो गए जिसमें घायल शुभम कुमार पुत्र मनोज कुमार को गंभीर हालत में वाराणसी ट्रामा सेंटर में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। 

         बताते चलें कि गुरुवार की रात करीब 11 बजे एक बाइक पर सवार होकर मुबारकपुर हरतरा गांव निवासी शनि कुमार (17 वर्ष), दीपक यादव (17 वर्ष) और शुभम कुमार (16 वर्ष) शादियाबाद स्थित मलिक मर्दान की मजार पर लगे उर्स मेला देखने जा रहे थे। इसी दरम्यान उसी उर्स मेला से बहरियाबाद थाना क्षेत्र के ही आसपुर खुमिया निवासी विजय उर्फ रोलू राजभर (18 वर्ष) और अखिलेश राजभर (22 वर्ष) तथा अजीत राजभर एक बाइक से घर वापस लौट रहे थे। उसी दौरान टांड़ा चट्टी पर दोनों बाइकों की जबरदस्त टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 

             सूचना पर सादात थानाध्यक्ष पन्ने लाल यादव और बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मय पुलिस टीम देर रात घटनास्थल पर पहुंचे । पुलिस ने मृत शनि कुमार पुत्र चन्द्रशेखर राम, विजय उर्फ रोलू राजभर पुत्र लालचंद्र राजभर व दीपक यादव पुत्र हजारी यादव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विजय उर्फ रोलू राजभर के साथ घायल उसी गांव के युवक अखिलेश राजभर और अजीत को हल्की चोट लगी थी।

Views: 31

Advertisements

Leave a Reply