गहमर हत्याकांड – तीसरे युवक का शव तालाब से सातवें दिन बरामद

हैवानियत की सारी हदें पार कर हमलावरों ने की थी तीन युवकों की हत्या 


गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गहमर के खेलू राय पट्टी में  बुधवार 24 दिसम्बर की देर रात हुए तिहरे हत्याकांड से सम्बन्धित तीसरे युवक का शव सातवें दिन मंगलवार 30 दिसम्बर की सुबह पुलिस ने तालाब से बरामद कर लिया।

   बताते चलें कि ग्राम पंचायत गहमर के खेलू राय पट्टी में  बुधवार की देर रात करीब एक दर्जन गोलबंद हमलावरों ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया था। हमलावरों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर  बाइक सवार तीन युवकों को घेर कर उन पर धारदार हथियारों से हमला कर लहुलुहान कर खूनी तांडव किया और फिर तीनों युवकों को मार कर अर्जून बाबा की परती स्थिति बड़े गहरे तालाब में फेंक दिया। घटनास्थल के समीप खुन के छींटें आदि मिलने की चर्चा भी उस दिन लोगों की जुबान पर रही।

     इस जघन्य हत्याकांड से गांव में सनसनी फ़ैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों को सम्भालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। भारी संख्या में पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। घटना से सम्बन्धित एक मृतक विक्की सिंह (22वर्ष) पुत्र संजय सिंह निवासी खेमन राय पट्टी गहमर, थाना-गहमर का शव 25 दिसंबर की सुबह तथा दूसरे मृतक सौरभ सिंह (21वर्ष) पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी पट्टी बाबूराय गहमर, थाना गहमर का शव गुरुवार को अपरान्ह अर्जून बाबा की परती स्थिति तालाब से बरामद हुआ। 

   घटना से सम्बन्धित तीसरे पीड़ित अंकित सिंह (23वर्ष) पुत्र अरुण सिंह का कहीं पता नहीं चला तो उसकी बरामदगी के लिए तालाब में एसडीआरएफ एवं जनपद पुलिस ने सघन खोजबीन की लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने ड्रोन के माध्यम से भी आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग की लेकिन तीसरे शव का कहीं पता नहीं चला। हत्याकांड की जांच में अगले दिन 25 दिसंबर को पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी वैभव कृष्ण ने पुलिस कप्तान डा ईरज राजा के साथ मौका मुआयना कर मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। मृतक विक्की सिंह के पिता विकास सिंह पुत्र संजय सिंह गांधी, निवासी ग्राम खेमन राय पट्टी गहमर द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने विभिन्न अपराधिक धाराओं में अमित सिंह पुत्र अरविन्द सिंह सहित करीब एक दर्जन अज्ञात अभियुक्तों पर मुकदमा पंजीकृत किया।

      पुलिस उच्चाधिकारियों के निर्देश पर हमलावरों की सुरागरसी में लगी गहमर पुलिस ने सत्ताइस दिसम्बर को आरोपी ओम सिंह पुत्र सुनील सिंह निवासी ग्राम गहमर पट्टी खेलू राय थाना गहमर जनपद गाजीपुर को दौराने मुठभेड़ घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। वहीं  पुलिस ने रविवार 28 दिसम्बर को अभियुक्ता सीमा सिंह पत्नी अरविन्द सिंह निवासी गहमर पट्टी  खेलू राय थाना गहमर तथा अभियुक्त अभिषेक सिंह पुत्र पप्पू उर्फ अनिल सिंह निवासी गहमर पट्टी खेलू राय थाना गहमर जनपद गाजीपुर को भी धर दबोचा।

       तीसरे युवक का शव घटना के पांच दिन बाद भी न मिलने पर उन्नीस दिसम्बर को पुलिस अधीक्षक डा ईरज राजा पुनः घटना स्थल पर पहुंचे और तीसरे मृत युवक की बरामदगी के लिए बड़े तालाब से पानी निकालने का निर्देश दिया। पूरी रात तालाब से पानी निकालने का काम जारी रहा और तीस दिसम्बर की सुबह तालाब से तीसरा शव भी पुलिस ने बरामद कर लिया। शव के बरामद होते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। 

       पुलिस कप्तान ने तीसरे शव के बरामद होने की सूचना मीडिया को देते हुए बताया कि अन्य हत्यारोपियों की टोह में पुलिस सक्रियता से लगी हुई है और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी।

Views: 81

Advertisements

Leave a Reply