राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में रजत पदक जीत कर आदित्य ने बढ़ाया मान 

गाजीपुर। माध्यमिक विद्यालयों की 69वीं राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में रजत पदक जीत कर आदित्य यादव ने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।


   बताते चलें कि सादात क्षेत्र के मरदापुर निवासी व बापू इंटर कॉलेज सादात के हाईस्कूल के छात्र आदित्य यादव ने 13 से 17 दिसंबर तक लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। बुधवार को गृह क्षेत्र सादात पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत और अभिनन्दन किया गया। आदित्य की इस उपलब्धि पर बापू इंटर कॉलेज, सादात में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसके पूर्व बापू इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुशील सिंह और प्रधानाचार्य उदयभान सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों और एनसीसी कैडेटों ने आदित्य यादव का सादात रेलवे स्टेशन के पास बैंड बाजा और फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद एक जुलूस के रूप में उन्हें बापू इंटर कॉलेज, सादात  लाया गया।

     कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि कृष्ण सुदामा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, गाज़ीपुर/वाराणसी के चेयरमैन डॉ. विजय कुमार यादव ने आदित्य की उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ साथ नियमित खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया।प्रबंधक सुशील सिंह और प्रधानाचार्य उदयभान सिंह ने अपने विद्यालय के छात्र आदित्य की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आदित्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 

    इस अवसर पर शिक्षक राजेश कुमार पाण्डेय, विजय कुमार यादव, हृदयेश मिश्रा, कैलाश सिंह, राकेश सिंह, जितेंद्र सिंह और नरेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने भी आदित्य को उनकी सफलता पर बधाई दी।

Views: 52

Advertisements

Leave a Reply