धोखेबाज ठग को पुलिस ने दबोचा
गाजीपुर। बहरियाबाद थाना पुलिस ने बहरियाबाद शराब ठेका के पास से अष्टधातु की मूर्ति के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को मय अवैध असलहे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस को यह सफलता मुखबिर की सूचना पर बहरियाबाद चौराहा के पास मिली । आरोपी ठग रामअवतार यादव पुत्र स्व. चन्द्रबली यादव निवासी ग्राम टाड़ा बैरक थाना सादात जनपद गाजीपुर का निवासी है। दौराने गिरफ्तारी पुलिस ने उसके कब्जे से एक नाजायज देशी तमन्चा 315 बोर मय जिन्दा कारतूस व एक लाल प्लास्टिक की बाल्टी में रखे लकड़ी के टुकड़ा बरामद कर लिया।
बताया गया कि गिरफ्तार अभियुक्त ने बस्ती जिले के रूदौली थाना के दसिया गांव निवासी अरविंद उर्फ विक्रम सिंह को अष्टधातु की कछुए की बेशकीमती मूर्ति बेचने का लालच दिया और बीते सोमवार को उन्हें बहरियाबाद स्थित शराब ठेका के पास एक सुनसान जगह पर ट्यूबवेल के पीछे ले गया। वहां एक लाल रंग की प्लास्टिक की बाल्टी थी, जो टेप से सील थी। बाल्टी खोलने पर उसके अंदर एक लकड़ी का छोटा बक्सा मिला। राम अवतार ने कहा कि यदि बक्सा खोलने के बाद मूर्ति पसंद नहीं आई तो पीड़ित को चार लाख रुपये देने होंगे। पीड़ित ने बक्सा खोलने को कहा। जब राम अवतार ने बक्सा खोला तो उसमें केवल लकड़ी का एक टुकड़ा निकला। पीड़ित ने इसे लकड़ी बताया तो राम अवतार यादव ने उसे चार लाख रुपये मांगा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचा दिखाकर बैठा लिया। डर के मारे पीड़ित ने अपने पास मौजूद चौबीस सौ रुपये राम अवतार को दे दिए। शेष रुपये की व्यवस्था करने के बहाने पीड़ित वहां से भाग निकला और पुलिस थाने में अभियोग पंजीकृत कराया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के सुपुर्द कर दिया।
Views: 31








