लोक अदालत में 1 लाख 24 हजार 75 वाद निस्तारित
जिला जज ने दिव्यांगजनों को व्हील चेयर / बैसाखी का किया वितरण
गाजीपुर। शनिवार को सम्पन्न राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 1 लाख 24 हजार 75 वाद आपसी रजामंदी, सुलह समझौते एवं संस्वीकृति के आधार पर निस्तारित किए गये। यह जानकारी सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश गाजीपुर विजय कुमार चतुर्थ द्वारा दी गयी।
उन्होंने बताया कि विभिन्न न्यायालयों द्वारा 13 हजार 462 मामले तथा बैंक एवं अन्य विभाग द्वारा कुल 1 लाख 10 हजार 613 मामले निस्तारित किये गये। परिवार न्यायालय द्वारा तीन विवाहित जोड़ों की सुलह कराकर विदाई करायी गयी। बैंको द्वारा लगभग 10 करोड़ 95 लाख धनराशि के मामले निस्तारित किये गये।
इससे पूर्व राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे जहाँ एक ओर समय की बचत होती है, वहीं लम्बे समय से लम्बित मामलों के त्वरित निस्तारण हो जाता है। लोक अदालत के माध्यम से जब किसी मामले का निस्तारण होता है तब उसके विरूद्ध कोई अपील नहीं होती है और विवाद सदैव के लिए समाप्त हो जाता है। इस अवसर पर नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत अपर जिला जज शक्ति सिंह द्वारा बताया गया कि कतार में खड़े हुए अंतिम व्यक्ति तक राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। मुकदमेंबाजी के कारण पक्षकारों के मध्य वैमनस्यता को समाप्त कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में वादों को समाप्त किया जाता है।
राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर वृद्धा, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन हेतु लगाये गये शिविर के साथ ही जरुरतमंदों के लिए चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त बिजली बिल, गृहकर एवं जल कर सहित अन्य सामाजिक योजनाओं से सम्बंधित पाण्डाल भी लगाये गये थे। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश द्वारा कुछ दिव्यांगजनों को व्हील चेयर / बैसाखी का वितरण किया गया।
इस अवसर पर पी.ओ. (एम.ए.सी.टी.) संजय हरिशुक्का, अपर जिला जज अली रजा, श्री अभिमन्यू सिंह, रामअवतार प्रसाद, अलख कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती नूतन द्विवेदी, सिविल जज (सी.डि.) अमित कुमार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दिपेन्द्र कुमार गुप्ता, सिविल जज (सी.डि.) / एफ.टी.सी. श्रीमती अर्चना, सिविल जज (जूडि.) बेतांक चौहान, न्यायिक मजिस्ट्रेट हार्दिक सिंह, अपर सिविल जज (जू.डि.) अनन्त कुमार, श्रीमती दीक्षा त्रिपाठी, श्रीमती मेहनाज खान, सुश्री मनी वर्मा, श्रीमती श्वेता नैन, श्रीमती शिवानी, संदेश कुमार पासवान, सुश्री सोनाली प्रिया गौर व श्रीमती रंजना देवी, बार के पदाधिकारीगण, न्यायालय के कर्मचारीगण एवं वादकारी उपस्थित रहे।
Views: 25








