विविध कार्यक्रमों संग ससमारोह मनायी गयी पटेल जयंती
गाज़ीपुर । देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री व गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयन्ती राष्ट्रीय एकता दिवस के रुप में सम्पन्न हुई। सामाजिक एकता, अखंडता और सद्भावना का संदेश प्रसारित करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन से “रन फॉर यूनिटी 2025” रैली आयोजित की गई। मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार, युवा कल्याण विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वाधान में लौह पुरूष भारत रत्न सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयन्ती पूरे जिले में विविध कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुई। जनपद स्तर पर विकास भवन आडिटोरियम हाल मे कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि श्रीमती सपना सिंह अध्यक्ष जिला पंचायत, श्रीमती सरिता अग्रवाल अध्यक्ष नगर पालिका परिषद, अविनाश कुमार जिलाधिकारी, संतोष कुमार वैश्य मुख्य विकास अधिकारी, सहित अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर एवं सरदार पटेल एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पार्जन कर किया। वक्ताओं ने सरदार पटेल के चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके हौसले बुलन्द थे, वे विषम परिस्थितियों में भी अपने को अनुकुल बना लेते थे। खण्ड-खण्ड भारत को अखण्ड बनाने का काम उन्होंने किया था। अखण्ड भारत के निर्माता, राष्ट्रीय एकता के सुत्रधार रहे सरदार पटेल के कार्य अनुकरणीय हैं। इस अवसर पर लूदर्स कान्वेंट स्कूल की बच्चियों द्वारा सरदार पटेल की जीवन पर आधारित नाटिका एवं देश भक्ति गीत प्रस्तुत किया गया। जनपद की प्रसिद्ध धोबऊ टीम ने सल्टू राम के नेतृत्व में लोक नृत्य प्रस्तुत किया। जनपद के उदीयमान खिलाड़ी हाकी में राहुल, फुटबाल में श्रीकान्त तथा खो-खो में अजीत को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित पदयात्रा में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंण्डल, एन.एस.एस., एन.सी.सी., भारत स्काउड गाइड, अति प्राचीन रामलीला समिति, माय भारत के स्वयं सेवक, खेल विभाग, युवा कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास, शैक्षिक संस्थान के बच्चों एवं सामाजिक संगठनों ने प्रतिभाग किया।
इसी क्रम में स्नातकोत्तर महाविद्यालय मलिकपुरा में “एक भारत का दृष्टिकोण : भारतीय संविधान एवं लोकतंत्र के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल की भूमिका” विषयक कार्यशाला आयोजित कर छात्रों को राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश दिया गया। प्राचार्य प्रोफेसर दिवाकर सिंह के निर्देशन एवं राजनीति विज्ञान के सहायक आचार्य डॉ. शिव प्रताप यादव के संयोजकत्व में आयोजित कार्यक्रम में वक्ता डॉ. दिनेश कुमार सिंह, डॉ. सुघर सिंह राजपूत, डॉ. सर्वेश पाण्डेय, डॉ. वासुदेवन मणि त्रिपाठी एवं डॉ. शिव प्रताप यादव ने सरदार पटेल के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, तथा भारतीय संविधान और लोकतंत्र के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अभिषेक कुमार द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सादात ब्लाक मुख्यालय पर सरदार पटेल जयंती ‘एकता दिवस’ के रूप में मनाई गई। खण्ड विकास अधिकारी डॉ सरजीत सिंह ने इस अवसर पर ब्लाक कर्मियों और उपस्थित लोगों को एकता व अखंडता का संकल्प दिलाया।
Views: 75








