दहेज हत्यारोपी सास,ससुर व पति गिरफ्तार
गाजीपुर। थाना नन्दगंज पुलिस टीम द्वारा दहेज हत्या व अन्य सम्बंधित धाराओं में दर्ज मुकदमे से सम्बन्धित वांछित एक अभियुक्ता सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में विवाहिता की सास, ससुर और पति हैं।
उल्लेखनीय है कि नंदगंज थाना क्षेत्र के सौरम गांव में खाना बनाते समय गुरूवार को संदिग्ध हाल में झुलसी विवाहिता ने जिला अस्पताल में दम तोड दिया था। उसकी मौत से बौखलाये मायके पक्ष ने ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
बताया गया कि सैदपुर के शरीफपुर निवासिनी गुड़िया यादव (23 वर्ष) पुत्री नंदलाल यादव की शादी 24 अप्रैल 2024 को सौरम निवासी मुकेश यादव के साथ हुई थी। ससुरालियों के अनुसार, गुड़िया गुरूवार को खाना बनाते समय झुलस गई तो उसे उपचार हेतु उसे गाजीपुर मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि दहेज के लालच में ससुरालियों ने उसे जलाकर मार डाला। उसने पति सहित सास, ससुर, देवर व ननद के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। थानाध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया। थाने पर दर्ज मुकदमा संख्या -176/2025 धारा 85, 80(2) बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट के मुकदमें में पुलिस टीम द्वारा सम्बन्धित वांछित अभियुक्त विरेन्द्र यादव (ससुर) पुत्र स्व.हरिनाथ यादव, मुकेश यादव पुत्र विरेन्द्र यादव (पति) तथा प्रमिला देवी पत्नी विरेन्द्र यादव (सास) निवासीगण ग्राम सौरम थाना नन्दगंज जनपद गाजीपुर को दबिश देकर उनके घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारशुदा अभियुक्तगण/ अभियुक्ता के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की गयी। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रमेश तिवार मय हमराह थाना नन्दगंज जनपद गाजीपुर तथा महिला आरक्षी शिखा सिंह थाना नन्दगंज जनपद गाजीपुर शामिल रहीं।
Views: 76








