हर घर जल योजना से वंचित हैं ग्रामवासी 

शो पीस बनकर रह गयी पानी की टंकी


गाज़ीपुर। केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वर्ष 2020-21 में सदर ब्लाक के ग्राम पंचायत छावनी लाइन के अंतर्गत राजस्व ग्राम सरैयाँ और तुलसीपुर में पाइपलाइन बिछाने का कार्य तो पूर्ण किया। लगभग पाँच वर्ष बीत जाने के बाद आज भी इन गांवों में जलापूर्ति शुरू नहीं की गयी है, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। लाखों रुपए खर्च कर बनाई गई पानी की टंकी मात्र शो पीस बन कर रह गई है।

         शुद्ध पेय जल की अनुपलब्धता की गंभीर समस्या को लेकर तहसील दिवस पर सदर एसडीएम को आवेदन देकर शुद्ध जल उपलब्ध कराने की मांग की गयी। आवेदन पत्र में कहा गया कि ग्रामवासियों को अब तक “हर घर नल से जल” योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। शुद्ध जल न मिलने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों को अब भी पीने के पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना रहा कि जब वर्षों पहले पाइपलाइन डाली जा चुकी है तो पानी की आपूर्ति में विलंब होना प्रशासनिक लापरवाही का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह न केवल शासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है, बल्कि ग्रामीणों के मौलिक अधिकारों का भी उल्लंघन करता है।

             बताया गया कि ग्रामीणों की मांग पर 16 जून, सोमवार को जल निगम विभाग के अवर अभियंता के नेतृत्व में एक टीम ने सरैयाँ गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही जल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामियों को दूर कर लिया गया है और अब प्रक्रिया अंतिम चरण में है। निरीक्षण के दौरान ग्रामवासियों में सुनील कन्नौजिया, सुरेश कुशवाहा, बेचू, मुद्रिका, विनोद सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने जल निगम की टीम के समक्ष अपनी समस्याएं प्रस्तुत कर शीघ्र समाधान की मांग की। 

Views: 58

Advertisements

Leave a Reply