अध्यापक की मार से नीला पड़ा छात्र का शरीर

शिकायत पर प्रधानाचार्य ने दी अभिभावक को धमकी


गाजीपुर। सरस्वती के मन्दिर में एक अध्यापक की अमानवीय हरकत ने पूरे शिक्षक समाज को कटघरे में खड़ा कर दिया है। लोगों का कहना है कि निःसंदेह वह अध्यापक प्रशिक्षित नहीं है अन्यथा उसे बाल मनोविज्ञान की जानकारी अवश्य होती और वह बेदर्दी से छोटे छात्र को मारकर घायल नहीं करता।

        बताते चलें कि मरदह क्षेत्र के एसएसएन पब्लिक स्कूल डंडापुर में कक्षा चार में पढ़ने वाले मासूम छात्र अंश सिंह को स्कूल में अध्यापक ने बेरहमी से पीटा। घर लौट कर मासूम अंश ने रोते हुए अपने माता-पिता को बताया कि अध्यापक जितेंद्र सिंह ने उसे डंडे से बहुत मारा है। उन्होंने जब अपने बेटे के शरीर पर गहरे लाल रंग के निशान देखे तो उनके रोंगटे खड़े हो गये। परिजनों के अनुसार पिटाई के कारण बच्चे की चमड़ी पहले लाल हो गई और फिर खून जमने के कारण उसका रंग नीला पड़ गया। छात्र के पिता अशोक सिंह जब अध्यापक की शिकायत लेकर स्कूल गये तो प्रधानाचार्य धीरज सिंह ने उन्हें धमकियां देते हुए बाहर निकाल दिया। अध्यापक के अमर्यादित व अमानवीय व्यवहार से क्षुब्ध अशोक सिंह घटना की लिखित शिकायत मरदह थाने में की। मरदह थानाध्यक्ष निरीक्षक तारावती यादव ने घटना को त्वरित संज्ञान में लिया। अध्यापक और प्रधानाचार्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई । थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अध्यापक के इस कृत्य की लोगों द्वारा निन्दा की जा रही है।

Views: 153

Advertisements

Leave a Reply