सावधानी हटी, दुर्घटना घटी……

दर्दनाक हादसों में नौ लोगों की मौत 


गाजीपुर। छठ पर्व के अवसर पर जहां प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा‌, वहीं सुरक्षा की अनदेखी व असावधानी के चलते कई स्थानों पर खुशी का माहौल गम में बदल गया। कई स्थानों पर हुए हादसों में एक व्रती महिला सहित कुल नौ लोग मौत के आगोश में समा गये। इसमें से अधिकांश लोगों की मौत पानी में डूबने से हुई। पर्व के दिन हुई घटनाओं से जहां उनके परिवार में मातम फ़ैल गया, वहीं आस पास के लोगों के गमजदा होने से उनका त्योहार फीका पड़ गया।                             गुरुवार को सुहवल थाना क्षेत्र के मलसा गंगा तट पर, पूजा के लिए बेदी बनाने के बाद स्नान करते समय अमित यादव (25वर्ष) निवासी ‌मलसा गंगा में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। तीन घण्टे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया गया। दूसरी घटना मरदह थाना क्षेत्र के कोदई गांव में गुरुवार की देर शाम घटी। वहां  अच्छेलाल चौहान की पत्नी मंजू देवी एवं पुत्री पूनम छठ का व्रत की थी। उन दोनों के साथ अच्छेलाल भी पोखरे पर गए थे। अर्घ्य देने के बाद अच्छेलाल चौहान पोखरे में स्नान करने लगे। नहाने के दौरान ही वह पानी में डूबने लगे।  वहां उपस्थित ग्रामीणों ने किसी तरह उसे अचेतावस्था में बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मरदह पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना मुहम्मदाबाद क्षेत्र के चकतरफिया गांव की है। व्रती महिला बिंदा देवी छठ पूजा का पहला अर्ध्य देने के बाद गंगा तट से घर आते समय अरार पर चली गयीं। वहां से गिरने से उनकी मौत हो गयी। बिंदा देवी की मौत से परिवार में सन्नाटा पसर गया। वही भुड़कुड़ा कोतवाली अंतर्गत हुसनपुर गांव में शुक्रवार की सुबह सूर्योदय के समय छठ पूजा के बाद नहाते समय संतोष बनवासी (25 वर्ष) पोखर में डूब गया। मृतक संतोष बनवासी की भाभी, बहन तथा पत्नी छठ पूजा का व्रत रखी थी। सूर्योदय का अर्ध्य देने के लिए संतोष बनवासी घाट पर पहुंचा था। पूजा के बाद नहाते समय संतोष बनवासी पोखर में डूब गया। करीब दस मिनट में लोगों ने बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज़खनियां पहुंचाया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को सुबह रेवतीपुर थाना अंतर्गत गोविंदपुर गंगा तट पर स्नान करते समय गहरे पानी में चले जाने से दो किशोर अरूण चौधरी (14वर्ष) और सर्वजीत चौधरी (17 वर्ष) निवासी दुल्लापुर उर्फ नगदीलपुर की डूब कर मौत हो गई।                         सारी घटनाएं अति उत्साह और असावधानी के चलते हुई। इलाकाई पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Views: 6

Advertisements

Leave a Reply