पम्पिंग सेट के कुंए की जहरीली गैस ने ली हरिकेश की जान 

गाज़ीपुर। पम्पिंग सेट के कुंए की जहरीली गैस ने एक व्यक्ति की जान ले ली। यह घटना बहरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम आसपुर में गुरुवार की सुबह घटी। पंपिंगसेट की मरम्मत करने के लिए कुएं में उतरे हरिकेश कुमार (40वर्ष) की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई।


    बताया गया कि हरिकेश कुमार खेती-बारी तथा मजदूरी का काम करते थे। गुरुवार को वह बहरियाबाद बाजार गये थे। बाजार से लौटने के बाद, बगैर किसी को जानकारी दिए वह पंपिंगसेट के टुल्लू की मरम्मत करने के लिए लगभग 20-22 फिट गहरे कुंए में गये थे। करीब आधे घंटे बाद उनकी पत्नी चन्दा देवी ने कुएं की मुडेर पर पति की चप्पल देखी तो उसने कुएं में झांका तो देखा कि उसका पति वहां अचेत पड़ा है।

   यह देखकर उसकी चीख निकल गई। उसकी चीख सुनकर काफी लोग एकत्रित हो गए। उसे बचाने के लिए दिनेश कुमार, आकाश व चंदन नीचे कुंए में उतरने लगे लेकिन कुछ दूर जाते ही उन्हें भी सांस लेने में दिक्कत होने लगी तो वे सभी कुंए से बाहर निकल आए। उसी दौरान 

ध्वजारोहण कर विद्यालय से घर पहुंचे बड़े भाई हरिवंश भी अपने भाई को बचाने के लिए कुएं में उतरे लेकिन दम घुटने की वजह से वह भी बाहर निकल आये।

   लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी ‌

और कुएं के ऊपर लगाए गये छप्पर को हटाकर  पानी का छिड़काव भी किया। बाद में बांस के सहारे रस्सी का फंदा बनाकर कुएं में डालकर किसी तरह हरिकेश को बाहर निकाला गया और तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिर्जापुर पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

       मौत की सूचना मिलते ही परिवार मे हाहाकार मच गया। पत्नी व परिजन दहाड़े मार रोने लगे। मजदूर मृतक की दो पुत्रियां शिवानी (18वर्ष), शालिनी (16वर्ष) तथा एक पुत्र पीयूष (12वर्ष) है। अपने पिता की मौत के बाद अब पूरा परिवार बेसहारा हो गया। 

      थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Views: 5

Advertisements

Leave a Reply