मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मतदाताओं को दिलाई शपथ
गाजीपुर। मताधिकार जागरूकता अभियान के तहत बौद्ध कल्याणकारी महिला उत्थान ट्रस्ट के तत्वाधान में बरही में कार्यक्रम आयोजित कर मतदाताओं को मतदान की महत्ता बताते हुए मतदान की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्रामीण विकास संस्थान के अध्यक्ष समीम अब्बासी तथा विशिष्ट अतिथि यूनाइटेड मीडिया के अध्यक्ष उपेन्द्र यादव तथा नया सवेरा फाउंडेशन के अध्यक्ष नजमुस साकिब अब्बासी रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने लोकतंत्र में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं को संगठन बनाकर कार्य करना चाहिए तब जा करके एक सशक्त भारत का निर्माण होगा। उन्होने ने मौजूदा भारत की वर्तमान स्थिति पर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि समाज में महिलाओं का स्थान सीमित है। अब बाहर निकल कर अपने लिए अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। समाजसेवी राजकुमार मौर्य ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की स्थिति चिंता का विषय बना हुआ है, और प्रशिक्षण की आवश्यकता है। ग्रामीण अंचल मे समस्याओं की भरमार है। उन्होंने कहा कि एक जून को सभी लोग अपने परिवार के लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित करें। क्योंकि वोट डालने से एक नई सरकार का निर्माण होगा और हमें मजबूत लोकतंत्र मिलेगा। कार्यक्रम में 120 बालिकाओं को समर्थ स्कीम के तहत प्रमाण पत्र वितरण किया गया। सभी बच्चियों ने एक स्वर में कहा कि हम सब के लिए हमारी टीचर सावित्री मौर्य प्रेरणा की स्रोत हैं। उनसे हमें बहुत कुछ सीखने को मिला है। वह पढ़ाई के साथ-साथ हर विषय, बिंदु पर ध्यान देती हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शैलेश कुमार राम, समाजसेवी मुनेश्वर सागर, संतोष गुप्ता, राहुल मौर्य, अनमोल मौर्य और श्रीकांत विश्वकर्मा आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरिनारायण यादव और कार्यक्रम का संचालन हिमांशु मौर्य ने किया।
Views: 11









