नेपाल विमान दुर्घटना में जिले के चार लोगों की हुई मौत

गाजीपुर। पड़ोसी देश नेपाल के पोखरा के समीप रविवार 15 जनवरी 2023 को अपरान्ह लगभग 02ः30 बजे हुई वायुयान दुर्घटना में गाजीपुर के भी चार व्यक्तियों की मौत होने की सूचना पर उनके सम्बन्ध में जानकारी संकलित करने की कार्यवाही प्रारम्भ की गयी। नेपाल में भारतीय दूतावास के माध्यम से जानकारी संकलित की गयी। नेपाल में भारतीय दूतावास में कार्यरत दिवाकर शर्मा से जानकारी करने पर प्राप्त हुआ कि इस जनपद के चार व्यक्ति की दुर्घटना में मृत्यु हुई है। 

       जनपद के मृत चार व्यक्तियों के बारे में नाम अवगत कराते हुए उनके आधार कार्ड शेयर किये गये। इस सम्बन्ध में तहसीलदार कासिमाबाद गाजीपुर द्वारा मृत चारो व्यक्तियों के सम्बन्ध मे अवगत कराते हुए बताया गया। उसमें अभिषेक कुशवाहा पुत्र चन्द्रमा कुशवाहा उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम धरवॉ तहसील कासिमाबाद, सोनू जायसवाल पुत्र राजेन्द्र जायसवाल उम्र-32 वर्ष निवासी ग्राम चकजैनब तहसील कासिमाबाद, विशाल शर्मा पुत्र संतोष शर्मा उम्र-27 वर्ष निवासी ग्राम अलावलपुर अफगां तहसील कासिमाबाद एंव अनिल कुमार राजभर पुत्र रामदरस राजभर उम्र-25 वर्ष निवासी चकदरिया (चकजैनब) तहसील कासिमाबाद गाजीपुर रहे।  वायुयान दुर्घटना में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दिये जाने हेतु उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार कासिमाबाद  को भेजा गया। सभी मृतकों के परिवारीजन की आर्थिक स्थिति का आकलन कर मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायतार्थ धनराशि दिये जाने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने हेतु आदेशित किया गया।

        उक्त प्रस्ताव के आधार पर शासन को आख्या प्रेषित कर सहायतार्थ धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जायेगा। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अन्य अनुमन्य सहायतार्थ धनराशि उपलब्ध कराने हेतु सम्बन्धित को आदेशित किया जा चुका है। विस्तृत जानकारी के लिए सम्पर्क सूत्र- ले.कर्नल शशांक त्रिपाठी-  977-9856037699, सम्बद्ध काउन्सलर दिवाकर शर्मा- 977-9851107021 (भारतीय दूतावास काठमाण्डू) से प्राप्त की जा सकती है। 

Visits: 285

Leave a Reply