हत्यारोपी दो महिलाओं सहित पांच अभियुक्त गिरफ्तार

गाजीपुर। जमीन के आपसी विवाद को लेकर दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर सोइया गांव में
गत शुक्रवार को अलसुबह हुई हत्या के सम्बन्ध में दुल्लहपुर थाना पुलिस ने 24 घण्टे के अन्दर दो अभियुक्ताओं सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताते चलें कि सोइया गांव में आबादी की जमीन को कब्जे को लेकर गांव के मन्नु यादव, गुड्डू यादव व जयराम यादव आदि के बीच पुराना विवाद दीवानी न्यायालय में वर्ष 2014 से विचाराधीन है। इस विवाद को लेकर थाने में दोनों पक्षों में हुई पंचायत के बाद पुलिस ने सबको अपने अपने कब्जे में पिलर लगाने को कहा था। वहां से वापस लौटकर मन्नु यादव ने पुलिस की उपस्थिति में अपने कब्जे में पिलर लगा लिया।
आरोप था कि रात में ही तीनों सगे भाइयों रिटायर्ड फौजी जनार्दन यादव, यूपी पुलिस के सिपाही सुभाष यादव और जयराम यादव ने पिलर को उखाड़ दिया। सुबह जब मन्नू यादव के लोगों ने पिलर उखड़ा देख फिर थाने जाने की धमकी दी। मन्नू यादव जब सुबह टहलकर लौट रहे थे, तभी विपक्षी महिलाओं ने मन्नू यादव पर हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। घायल मन्नू यादव की चीख पुकार पर गुड्डू यादव और उनके परिजन मन्नू यादव को बचाने के लिए दौड़े। उसी दौरान जनार्दन यादव ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से गुड्डू यादव पर फायर झोंक दिया।
गोली गुड्डू यादव के सीने व गर्दन में और तीसरी गोली गुड्डू यादव के पुत्र इंद्रजीत को जा लगी। गोली की तड़तड़ाहट से वहां हड़कंप मच गया। लोगों की मदद से घायलावस्था में ही गुड्डू यादव तथा उनके पुत्र इंद्रजीत यादव को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गुड्डू यादव की मौत हो गई।
मन्नू यादव ने इस सम्बन्ध में दुल्लहपुर थाने पर जनार्दन यादव, सुभाष यादव, जयराम यादव तथा घर की महिलाओं के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराने हेतु तहरीर दी थी।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी में लगी पुलिस टीम ने सम्बन्धित अभियुक्तगणों को 24 घण्टे के अन्दर शिवपुर सोइया मोड़ पेट्रोल पम्प के पास से सुबह ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में जनार्दन यादव, जयराम यादव व सुबाष यादव पुत्रगण स्व. सूर्यबल्ली यादव, पूनम यादव पुत्री सुबाष यादव व नीलम यादव पुत्री सीताराम यादव निवासीगण शिवपुर सोइया थाना दुल्लहपुर हैं। गिरफ्तार किये गये अभियुक्त जनार्दन यादव के पास से आलाकत्ल लाइसेंसी पिस्टल .32 बोर व दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष शैलेश कुमार मिश्र तथा आरक्षीगण सर्वेश प्रजापति, रोहित सिंह, कमलकांत साहू तथा
महिला आरक्षी पूर्णिमा सिंह शामिल रहीं।

Visits: 173

Leave a Reply