श्मशान घाट के छत गिरने के हादसे में 23 लोग मौत के मुंह में समाये,50 से अधिक घायल

अन्त्येष्टि संस्कार के लिए शव को लेकर श्मशान पहुंचे गमगीन लोगों पर छत के अचानक गिरने से जहां 23 लोगों की सांसें थम गयी, वहीं दर्जनों लोग जख्मी हालत में अस्पतालों में भर्ती कराये गये हैं।
यह हृदय विदारक घटना गाजियाबाद के मुरादनगर में स्थित उखलारसी श्मशाम घाट पर घटी। वहां एक छत अचानक नीचे खड़े लोगों पर आ गिरी। हादसे के बाद वहां अफरातफरी मच गयी और लोग मलवे में दबे लोगों को बाहर निकालने में लग गये। पुलिस व प्रशासन की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शाम तक मिली जानकारी के अनुसार, घटना में 23 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जिला प्रशासन ने इस हादसे में 50 से अधिक लोगों के घायल होने की आशंका जताई थी।
बताया गया कि दयानंद कॉलोनी निवासी दयाराम की रात को बीमारी के चलते मौत हो गयी थी। आज सुबह से ही बारिश हो रही थी। उसी बीच सुबह करीब दस बजे उनके अंतिम संस्कार में सौ से अधिक लोग श्मशानघाट पहुंचे थे। उसके बाद वहां सभी लोग श्मशान घाट परिसर में बने भवन के पास गैलरी में खड़े होकर करीब सवा ग्यारह बजे आत्म शांति पाठ कर रहे थे, उसी दरम्यान छत गिर पड़ी। कहा गया कि भराव की जमीन में श्मशाम का भवन बना था। अधिक बारिश में मिट्टी नीचे दबने से, एक तरफ की जमीन धंसने लगी और देखते ही देखते दीवार नीचे बैठ गयी और छत का लिंटर गिर गया। जब तक कोई कुछ कर पाता, सभी लोग छत के मलवे में दब चुके थे।
सुबह, हादसे के बारे में जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय के अनुसार करीब 30 लोग मलबे के अंदर मिले, जिनको उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल भेजा गया। उन्होंने हादसे में 18 लोगों की मौत की पुष्टि की थी जो शाम तक बढ़कर 23 तक जा पहुंची है।
गाजियाबाद के मुरादनगर में छत गिरने की घटना में लोगों की मृत्यु पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। हादसे में मृतकों के आश्रितों को दो- दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने इस संबंध में मण्डलायुक्त मेरठ अनिता सी.मेश्राम, एवं ए0डी0जी0, मेरठ जोन राजीव सभरवाल को घटना के सम्बन्ध में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

Visits: 232

Leave a Reply