बाहुबली फरार विधायक मध्यप्रदेश में गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के चर्चित विधायक विजय मिश्रा गुण्डा एक्ट लगते ही फरार हो गये।उनके फरारी से पुलिस महकमे में खलबली मच गयी। पुलिस के अधिकारियों के मोबाइल उनकी लोकेशन के लिए हकलान रहे।
बताते चलें कि बाहुबली विधायक विजय मिश्रा पर पिछले दिनों गुंडा एक्ट की कार्यवाही की गयी थी। इसके बाद विधायक के पड़ोसी कृष्ण मोहन तिवारी ने गत 8 अगस्त को विधायक, उनकी पत्नी एमएलसी रामलली मिश्रा और बेटे विष्णु मिश्रा पर मारपीट करने और मकान पर कब्जे का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमें की भनक लगते ही विधायक का पूरा परिवार भूमिगत हो गया। इतना ही नहीं बल्कि एक विडियो संदेश जारी कर उन्होंने पुलिस पर एनकाउंटर का भी आरोप लगाया था। कहा था कि
ब्राह्मण होने के नाते उन्हें परेशान किया जा रहा है और पुलिस कभी भी उनका एनकाउंटर कर सकती है। उन्होंने अपनी पत्नी रामलली और बेटे विष्णु को भी फर्जी मामले में फसाने का आरोप लगाया था।
सक्रिय पुलिस उनकी टोह में लग गयी और उसे विधायक के मध्यप्रदेश में होने की जानकारी पा ली। इसके बाद पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस से सम्पर्क साधा और फिर फरार विधायक को आज मध्यप्रदेश के आगर मालवा में धर दबोचा। भदोही से पुलिस टीम विधायक को अपनी गिरफ्त में लेने के लिए मध्यप्रदेश कूच कर गयी।
उल्लेखनीय है कि कल विधायक की एमएलसी पत्नी रामलली मिश्रा के गायब होने की सूचना उनके गनर ने पुलिस को दी और प्रयागराज में मुकदमा भी दर्ज कराया गया।
पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से विधायक और उनका परिवार फरार हो गया था। शुक्रवार को उनके मध्यप्रदेश की तरफ भागने की सूचना मिली तो वहां की पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद विधायक को आगर मालवा में पकड़ लिया गया।

Views: 105

Leave a Reply