उफनती नदी में समाया किशोर

मित्रों संग नदी में स्नान करने गया किशोर आज दोपहर उफनती नदी की तेज धारा में समा गया।नदी में ही स्नान कर रहे उसके साथियों ने उसे अपने समीप न देखकर उसकी खोज की परन्तु उसका कोई पता न चला।
यह दुर्घटना गाजीपुर जिले के जंगीपुर थाना क्षेत्र के बघौल गांव की है। बताया गया कि गांव का किशोर आकाश कश्यप पुत्र उदय कश्यप आज दोपहर में अपने मित्रों के संग बेसो नदी में स्नान करने चला गया था। स्नान करते समय उफनती नदी की तेज धारा में संभव तो अपने को संभाल नहीं सका और नदी में पानी की अधिकता और तेज बहाव के चलते वह गहरे पानी में समा गया। उसके साथ गये लड़कों ने नदी में उसे अपने आसपास में न देख उसकी काफी खोज की परंतु उसकी कोई जानकारी नहीं मिलने पर घरवालों को सूचित किया। सूचना मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन ग्रामवासियों के साथ नदी तट पर पहुंचकर उसकी खोज शुरू की।
दुर्घटना की जानकारी पर जंगीपुर थाना प्रभारी निरीक्षक यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि डूबे किशोर केशव की खोज नदी में की जा रही है।करीब पांच घंटे बाद भी किशोर का शव बरामद नहीं हुआ।

Views: 57

Leave a Reply