मुख्यमंत्री ने किया अयोध्या दौरा,राम मंदिर निर्माण कार्य का लिया जायजा

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अयोध्या में राम जन्मभूमि स्थल का दौरा किया और मंदिर निर्माण के लिए चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
अयोध्या के जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने सुबह बताया कि मुख्यमंत्री रविवार दोपहर अयोध्या का दौरा करेंगे। वह गैर कोविड अस्पतालों के साथ ही अयोध्या के विभिन्न स्थानों पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अपने दौरे के दौरान राम जन्मभूमि स्थल तथा कुछ और मंदिरों में भी जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि कोरोना लॉकडाउन के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ का राम जन्मभूमि स्थल का यह दूसरा दौरा रहा। रामलला की मूर्ति को नए अस्थायी स्थल पर स्थानांतरित किए जाने के समय उन्होंने 25 मार्च को यहां का दौरा किया था। मुख्यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण के लिए निजी तौर पर 11 लाख रुपए का दान भी दिया।
जन्मभूमि परिसर में प्रवेश से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मणिराम दास छावनी में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात की और रामलला का दर्शन-पूजन कर श्रीराम जन्मभूमि परिसर में बने नक्षत्र वाटिका में पौधारोपण किया। इसके उपरांत फिर वह हनुमानगढ़ी पहुंच कर बजरंगबली के दर्शन किए और हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजू दास से भी भेंटकर उनका कुशलक्षेम जानी।
बताते चलें कि मुख्यमंत्री करीब 3 घंटे अयोध्या में रहे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और अयोध्या में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
अन्त में रामलला का दर्शन पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गये।

Visits: 50

Leave a Reply