कोरोना ! संक्रमित पांच लोग स्वास्थ होकर गाजीपुर में हुए क्वारंटाइन
गाजीपुर। जिले के लिए मंगलवार का दिन मंगलकारी रहा। जनपद में अब तक कुल छह कोरोना पाजिटिव रोगी पाये गये थे। सर्वप्रथम जिले मे आये तीन बाहरी जमातियों तथा उनके सम्पर्क में आये दो जनपदवासियों में कोरोना के लक्षण मिले थे। उन्हें बाद में वाराणसी के दीनदयाल उपाध्याय मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को वाराणसी में उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें गाजीपुर वापस भेंज दिया गया। स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से उन पांच लोगों को हमीद पुल के समीप स्थित शम्मे हुसैनी हॉस्पिटल में क्वारंटाइन किया गया है।
इस सम्बन्ध में जिले के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रगति कुमार ने बताया कि गाजीपुर में तीन जमाती और उनके संपर्क में आए दो अन्य लोग जिनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी थी। इलाज हेतु उन्हें मुहम्मदाबाद के सीएचसी के लेवल वन के अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनके इलाज के दौरान शासन से मिले निर्देश के क्रम में सभी पांच मरीजों को वाराणसी अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। वहां उनका इलाज चल रहा था। दौराने इलाज अब उनकी नयी जांच रिपोर्ट निगेटिव पायी गयी। उसके बाद उन सभी लोगों को एंबुलेंस से गाजीपुर लाकर हमीद सेतु के समीप स्थित शम्मे हुसैनी ट्रामा सेंटर में क्वारंटाइन किया गया है। इन पांच लोगों में से दो सहारनपुर, एक देहरादून और दो जिले के दिलदारनगर के निवासी हैं।
Views: 2









