जाल तोड़कर फरार तेंदुआ आया गिरफ्त में, ड्रोन से मिली थी तस्वीर , शक्करपुर में लाव लश्कर संग अफसरों का रहा जमावड़ा ट्रेंकुलाइज
गाजीपुर,22अप्रैल 2020। नोनहरा थाना क्षेत्र में आज एक नये तेंदुए के देखे जाने से शक्करपुर गांव में सनसनी फैल गई। दिनभर की कड़ी मशक्कत और आंख मिचौनी के बाद अन्ततः शाम को तेदुंआ पकड़ में आ गया।
बताते चलें कि पूर्व में बारह अप्रैल को इसी क्षेत्र के सुसुण्डी गांव के सिवान में तेंदुआ दिखाई दिया था। उसने तीन लोगों को घायल भी किया था। आक्रोशित हजारों ग्रामीणों ने परेशान होकर अन्ततः उसे घेर कर लाठीडंडे से पीटकर मार डाला। उसके बाद से ही एक दुसरे तेंदुए के देखे जाने की जानकारी जिला प्रशासन को मिलती रही। आस पास के कई गांवों में यह तेंदुआ घुमघुमकर लोगों को गच्चा देता रहा है। वन विभाग तथा प्रशासन के लोग कई दिनों से उसे पकड़ने के लिए जाल लगाया पर सफलता नहीं मिली।
इसी बीच आज अलसुबह ग्रामीणों द्वारा शक्करपुर गांव में तेंदुआ देखे जाने से गांव में सनसनी फैल गई। ग्रमीणों ने उसे सिवान में ही घेर लिया था। सूचना पर आनन फानन वन विभाग तथा पुलिस विभाग के लोग अपने लाव लश्कर के साथ गांव में डेरा डाल दिया ।तेंदुआ आंखमिचौनी करता रहा। विभाग द्वारा ड्रोन कैमरे की मदद से तेंदुए की मौजूदगी का पता चलते ही वन विभाग द्वारा जाल लगाकर घेराबंदी की गयी थी। लोगों का कहना था कि वन विभाग ट्रेंकुलाइजर गन के साथ तैयार है ताकि मौका मिलते ही उसे बेहोश कर पकड़ा जा सके। डीएफओ गिरीश चंद ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा तेंदुआ देखे जाने की खबर मिलते ही हम लोग मौके पर पहुंचे हैं और क्षेत्र चिन्हित कर चारों तरफ जाल लगाकर घेरेबंदी की गयी है। ड्रोन कैमरे से तेंदुआ होने की पुष्टि हो चुकी है, आगे की कार्यवाही की जा रही है। इसी बीच तेंदुआ वन विभाग द्वारा लगाई गयी जाल तोड़कर देखते ही देखते भाग निकला है। तेंदुए के निकल भागने से उस क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गयी ।उसकी खोज में जूटी वन विभाग की टीम ने शाम को अब्बासनगर के बसवाड़ में जाल डालकर थर दबोचा।उस दौरान तेंदुए के पंजा मारने से एक वनकर्मी का सिर चोटिल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुआ जाल फांदकर फरार होने के बाद अब्बासनगर के बसवांर में जा घुसा। वन विभाग की टीम ने बसवांड़ को जाल से घेराबंदी किया तभी महाराजगंज वनविभाग से तेंदुए को बेहोश करने वाला शूटर ट्रैंकुलाइजर लेकर आ गया। शूटर ने तेंदुए को ट्रैंकुलाइजर गन से बेहोश किया। उसके उपरांत जाल के सहारे तेंदुए को पकड़कर कटघरे में बंद कर वनविभाग की टीम उसे साथ लेकर चली गयी। तेंदुए के पकड़े जाने से क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली।
उल्लेखनीय है कि गत सप्ताह क्षेत्र के नगवा उर्फ नवापुरा गांव के लोगों ने तेंदुआ देखा था। उसके बाद वन विभाग की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई थी,परन्तु तेंदुआ सबको गच्चा देकर वहां से निकल गया। आज सुबह ग्रामीणों ने शक्करपुर गांव क्षेत्र में तेंदुआ को देखा और इसकी सूचना प्रशासन को दी थी। तेंदुए को अपनी गिरफ्त में लेने के लिए टीम चौकन्नी रही परन्तु सबको धता बताते हुए तेंदुआ एक बार फिर भाग निकला ,परन्तु अन्ततः पकड़ा गया। देखें ड्रोन से ली गयी तस्वीर…….
Views: 12









