तबलीगी जमात से जुड़े 11 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि, मचा हड़कंप

लखनऊ/गाजीपुर, 03 अप्रैल 2020।देश मे बढ़ रहे कोरोना वायरस के कहर के दौरान दिल्ली के निजामुद्दीन के मरकज से लौटकर उत्तर प्रदेश आए तबलीगी जमात के लोगों की जांच में गुरुवार को विभिन्न जिलों में 11 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें मेरठ में चार, फिरोजाबाद में चार, जौनपुर में दो और गाजीपुर में एक व्यक्ति संक्रमित मिला था। इसकी पुष्टि के बाद से हड़कंप मचा है।
गाजीपुर से मिली जानकारी के अनुसार पहुंचे देहरादून निवासी एक मौलाना की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मौलाना समेत 11 लोगों को मंगलवार को एक मस्जिद से पकड़ने के बाद उनकी जांच कराई गई थी। इनमें दो लोगों की तबीयत खराब होने पर सैंपल बीएचयू भेजा गया था। इनमें एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन की जमात में शामिल होने के बाद गाजीपुर पहुंचे और फिर धीरे से शहर की विश्वेश्वरगंज स्थित मस्जिद में पहुंचे 11 लोगों को मंगलवार को प्रशासन द्वारा मस्जिद में ही क्वॉरेंटाइन किया गया था। इनमें से तीन सहारनपुर के तथा आठ देहरादून के रहे हैं। मेडिकल टीम ने सभी जमातियों की थर्मल स्क्रीनिग की। जांच के बाद सभी जमातियों को लॉकडाउन में वहीं रहने तथा कहीं बाहर न जाने की हिदायत दी गई है। उसमें दो लोगों की स्थिति सामान्य नहीं थी। आरम्भिक इलाज के साथ उनकी कोरोना जांच के लिए सैम्पल वाराणसी भेंजा गया था। जांचोपरांत कल उसमें से एक मौलाना की रिपोर्ट पाजिटिव पायी गयी। इस रिपोर्ट के बाद जिले में हड़कम्प मच गया क्योंकि इसके पूर्व जिले में कोई भी व्यक्ति कोरोना से संक्रमित नहीं था। इसके बाद आननफानन में बाकी अन्य जमातियों के सैम्पल भी जांच के लिए भेंजे गये हैं।
कोरोना संक्रमण की पुष्टि होते ही प्रशासन सक्रिय मोड पर आ गया। आनन फानन जिलाधिकारी समेत आला अफसर दिलदारनगर जा धमके, जहां कोरोना से संक्रमित मौलाना और उसके जमाती साथियों ने बीते दिनों वक्त गुजारा था। जिला प्रशासन ने दिलदारनगर की मस्जिदों की तलाशी के साथ-साथ सेनेटाइज करने के सख्त निर्देश दिये।
इसके साथ ही कल रात शहर के महुआबाग मस्जिद क्षेत्र सहित शहर के पूरे क्षेत्र को भी सेनेटाइज किया गया। जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य तथा पुलिस अधीक्षक डा.ओमप्रकाश सिंह सहित जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घंटों शहरी क्षेत्र को सेनेटाइज करती रहीं।


Views: 6

Advertisements

Leave a Reply