सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ नमाज पढ़ने पर लगाएं रोक
लखनऊ, 02 अप्रैल 2020। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने आवास पर टीम 11 के साथ बैठक में कहा कि तबलीगियों की गलतियों का खामियाजा पुलिस कर्मियों, स्वास्थ्य कर्मियों और प्रदेश वासियों को नहीं भुगतने देंगे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ नमाज न पढ़ने दी जाए। जो लोग लाकडाउन का उल्लंघन कर ऐसा करने की कोशिश करते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसके साथ मुख्यमंत्री ने कहा है कि क्वारंटीन सेंटरों में भी अच्छी व्यवस्था हो, भोजन इत्यादि का बेहतर प्रबंध हो। साथ ही सुरक्षा की पूरी व्यवस्था हो ताकि कोई मरीज भाग न सकें, ऐसा होने पर डीएम और एसपी सीधे तौर पर जवाबदेह होंगे।
उन्होंने कहा कि तबलीगी जमात से लौटे हर व्यक्ति को हर हाल में ढूंढ निकाला जाए। उसकी पूरी निगरानी हो। जो विदेशी हैं उनके पासपोर्ट जब्त कर जांच हो। कानून तोड़ा है तो एनडीआरएफ एक्ट के तहत कार्रवाई हो। जिन्होंने छुपाया है या अवैध ढंग से शरण दी है उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में अब तक तबलीग से जुड़े 1330 लोग यूपी में चिन्हित हो चुके हैं। इनमें 258 विदेशी नागरिक हैं, इन सभी को क्वारंटीन कर जांच की जा रही है। 200 लोगों के पासपोर्ट जब्त करने की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है, तमाम लोगों के खिलाफ अवैध शरण देने का मामला दर्ज हुआ है। सीएम ने कहा कि तबलीगी जमात से जुड़े जिन लोगों को क्वारंटीन किया गया है, उनकी सख्ती से निगरानी की जाए। सोशल डिस्टेंसिंग और हेल्थ के सारे प्रोटोकाल का सख्ती से उनसे पालन कराया जाए। साथ ही यदि वे पुलिस कर्मियों या स्वास्थ्य कर्मियों के साथ सहयोग न करें और बदसलूकी करें तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
Views: 4









