मकर संक्रांति ! शुभ संयोग रात में, कल मनेगा पर्व

वाराणसी (उत्तर प्रदेश),14 जनवरी 2019। हिंदू धर्म शास्त्रों में मकर संक्रांति का एक विशेष महत्व है। सूर्य के राशि परिवर्तन को संक्रांति कहा जाता है। जब सूर्य गोचर बस भ्रमण करते हुए मकर राशि में प्रवेश करते हैं, तब मकर संक्रांति पड़ती है। इस दिन प्रातःकाल में गंगा एवं पवित्र नदियों में स्नान कर दान का विशेष महत्व माना गया है। मकर संक्रांति का यह पर्व ग्रहों की चाल के कारण प्रायः प्रत्येक वर्ष 14 जनवरी को पड़ता है, परन्तु मकर संक्रांति का पर्व इस वर्ष 15 जनवरी को मनाया जाएगा क्योंकि 14 जनवरी सोमवार के मध्य रात्रि 2:19 पर सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेंगे और इसके साथ ही मकर संक्रांति का पर्व आरंभ होगा जो 15 जनवरी को दोपहर 12:00 बजे तक पुण्य काल में मनाई जाएगी। वैज्ञानिक आधार पर भी सूर्य सौर मंडल सहित वायु मंडल में ऊर्जा के स्रोत है। बिना सूर्य के सौरमंडल के कल्पना असंभव है। सूर्य की उर्जा और आरोग्य चेतना शक्ति जीवों में शक्ति व उर्जा का संचार करती है। सूर्य का मकर राशि में प्रवेश अध्यात्म, खगोल विज्ञान और ज्योतिष शास्त्र में अति विशिष्ट पर्व माना जाता है। इसी दिन सूर्य उत्तरायण में प्रवेश करते हैं। उत्तरायण छह मास की वह अवधि होती है जिसमें सूर्य की गति मकर राशि से कर्क रेखा की ओर होती है अर्थात सूर्य मकर रेखा से उत्तर की ओर भ्रमण करते हैं। जबकि 6 माह बाद सूर्य की गति कर्क रेखा से दक्षिण मकर रेखा की ओर होती है जिसे दक्षिणायन की अवस्था कहा जाता है।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार मकर राशि में सूर्य का उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में प्रवेश होता है ज्योतिष के कुल 27 नक्षत्रों में से उत्तराषाढ़ा 21वां नक्षत्र है, जो सूर्य का नक्षत्र है क्योंकि सूर्य स्वयं इस नक्षत्र के स्वामी हैं इसीलिए मकर संक्रांति के दिन स्नान,ध्यान,पूजा-पाठ, मंत्रोचार का विशेष महत्व होता है। मकर संक्रांति की शुभ बेला से पुरुषोत्तम मास (खरमास) समाप्त हो जाएंगे और शुभ कार्यों का आरम्भ हो जायेगा।
इसी के साथ इस वर्ष प्रयागराज में कुंभ भी मकर संक्रांति पर आरम्भ हो रहा है। इसी संक्रांति के दिन ही कुंभ मेले में भक्त त्रिवेणी संगम में स्नान कर पुण्य फल प्राप्त करते हैं। इस वर्ष मकर संक्रांति के शुभ मुहूर्त के अनुसार
पुण्य काल मुहूर्त कल प्रातः 07:14 से दोपहर 12:36 तक तथा महापुण्य काल मुहूर्त प्रातः 07:14 से 09:01 तक का होगा।

Views: 115

Leave a Reply