बीएलओ के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत
गाज़ीपुर। मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ के विरुद्ध थाने में मामला दर्ज होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
नायब तहसीलदार जखनियां की तहरीर पर लोकसभा निर्वाचन के दृष्टिगत मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में लापरवाही बरतने वाले वृंदावन के बीएलओ के खिलाफ बहरियाबाद थाने में अभियोग दर्ज कराया गया है।
उल्लेखनीय है कि सादात ब्लाक क्षेत्र के भाग संख्या 85 प्राथमिक विद्यालय वृन्दावन मध्य छोर के मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में प्राथमिक विद्यालय बक्सूपुर के सहायक अध्यापक लालचन्द्र यादव की ड्यूटी लयी थी। इसके लिए उन्हें पूर्व में घर-घर जाकर फार्म छह, सात और आठ प्राप्त करने हेतु कई बार सुपरवाईजर द्वारा निर्देशित किया गया, लेकिन बार-बार लिखित और मौखिक आदेश दिए जाने के बावजूद बीएलओ लालचन्द्र यादव द्वारा अपने आवंटित बूथ से संबंधित निर्वाचन कार्य नहीं किया गया।
सरकारी कार्य में लापरवाही बरतने तथा आदेशों की अनदेखी पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नायब तहसीलदार/विधान सभा 373 जखनियां के एईआरओ विवेकानन्द सिंह ने तहरीर देकर बहरियाबाद थाने में बीएलओ लालचन्द्र यादव के विरुद्ध धारा 134 लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम का अभियोग पंजीकृत कराया है।
थानाध्यक्ष भूपेन्द्र निषाद ने बताया कि बीएलओ के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Views: 6









