कलयुगी पिता आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार
गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत दुल्लहपुर थाना पुलिस टीम ने हत्यारोपी बाप को गिरफ्तार कर आलाकत्ल भी बरामद कर लिया।
बताते चलें कि हत्यारोपी मोती राम पुत्र स्व. रामधनी राम निवास भगीरथपुर थाना दुल्लहपर जनपद गाजीपुर ने अपने पुत्र रामप्रवेश उर्फ कल्लू को साइकिल में ताला लगाने के लिए पचास रुपए दिए थे। बेटे ने साइकिल में कई दिनों तक ताला नहीं लगवाया। उसी बात को लेकर पिता पुत्र दो मई की शाम आपस आपस में मार पीट कर लिए थे। नशे के धुत कलयुगी बेटे ने पिता की बुरी तरह शारिरिक समीक्षा कर दी। पास पड़ोस के लोगों ने दोनों को समझा बुझा कर मामला शांत कराया था।
बेटे की मार से अपमानित बाप अलसुबह जगा तो रात की घटना उसके जेहन में कौंधने लगी। उसने सुबह करीब 4 बजे, सो रहे बेटे पर फावड़े से लगातार कई वार कर रामप्रवेश उर्फ कल्लू को अधमरा कर दिया। कल्लू की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और लहुलुहान बेटे को गाजीपुर अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए, प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान अन्ततः उसकी मौत हो गई। मृतक की माता शुभावती ने दुल्लहपुर थाने पर इस संबंध में अभियोग पंजीकृत कराया था और रविवार को पुलिस ने हत्यारोपी मोती राम पुत्र स्व0 रामधनी राम निवासी भगीरथपुर थाना दुल्लहपर जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल फावड़ा भी बरामद कर लिया। अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायालय के सुपुर्द कर दिया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रितेश कुमार द्विवेदी तथा आरक्षी विनय पासवान शामिल रहे।
Views: 8








