आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किसान की मौत

बेटी की विदाई के बाद परिवार में फैला मातमी सन्नाटा


गाजीपुर। पुत्री की विदाई के बाद फैले सामानों को समेटते समय आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। यह हादसा सादात क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शनिवार की दोपहर समय हुआ। आकाशीय बिजली की चपेट में आकर किसान पन्ना लाल (55 वर्ष) पुत्र श्यामलाल की मौत हो गई। 

         बताते चलें कि, शुक्रवार को पन्ना लाल की पुत्री करीना की शादी थी। हंसी-खुशी के माहौल में बारात आयी और शादी की रस्में पूरी की गईं। शनिवार सुबह करीना की विदाई के बाद, पन्ना लाल शादी के लिए लगे टेंट और अन्य सामानों को हटाने में लगे थे। उसी समय अचानक मौसम ने करवट ली और तेज धूप और गर्मी देखते ही देखते तेज हवा के साथ बारिश में बदल गयी। बाहर पड़े सामानों को हटाने के दौरान अचानक तेज रोशनी के साथ आकाशीय बिजली गिरी। उसकी चपेट में आने से पन्ना लाल की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जूट गयी। पन्ना लाल की अचानक हुई मौत से परिवार में हाहाकार मच गई। पत्नी गीता और पुत्र विशाल सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पन्ना लाल खेती-बाड़ी और पशुपालन के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके असामयिक निधन से परिवार के सामने जीविकोपार्जन की समस्या उत्पन्न हो गई है।

       ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। भीमापार चौकी प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली से मौत हुई है और शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया।

Views: 3


Leave a Reply