शार्ट सर्किट से लगी आग में लाखों के कपड़े जलकर राख

गाजीपुर। दुल्लहपुर  बाजार के शिवपुरी मोहल्ले में स्थित मोदनवाल वस्त्रालय में अर्धरात्रि में विद्युत शार्टसर्किट से आग लगने से लाखों का माल जलकर राख हो गया। देर रात हुई इस घटना की जानकारी सबसे पहले दुकान के बगल में रहने वाले प्रजापति परिवार को हुई। कपड़े की दुकान से आग निकलती देखकर उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी। मालिक शिव और भोले किसी रिश्तेदार के यहां गए थे। आस पास के लोगों ने  फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी और दुकान मालिक की अनुपस्थिति में लोहे का शटर कटर से काटकर  पानी से आग बुझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की प्रयास से करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग का असर बगल की मशीनरी की दुकान में भी हुआ। संजीत प्रजापति की दुकान में मौजूद प्लास्टिक पाइप जलने से लगभग 50 हजार का नुकसान हुआ है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो अगल-बगल की कई दुकानों को भारी नुकसान हो सकता था।


        कपड़े की दुकान में आग लगने की घटना की सूचना मिलने पर मालिक दुकान पर पहुंचे और वहां की स्थिति देखकर बेसुध हो गये। आग से लगभग तीस लाख से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। कहा जा रहा था कि शिव और भोले ने लोन लेकर अपना व्यवसाय खड़ा किया था। इस आगलगी से  उनका सारा कारोबार चौपट हो गया है।

Views: 82

Advertisements

Leave a Reply