लाठी डंडे से पीटकर युवक की हत्या

गाजीपुर (उत्तर प्रदेश),21 जनवरी 2019। हौसलाबुलन्द हमलावरों ने कल रविवार की शाम नन्दगंज थाना क्षेत्र के शादियाबाद मोड़ के समीप लाठी डंडे से पीट पीटकर एक युवक की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गये। मृत युवक रोहित सिंह 19 वर्ष पुत्र मुन्ना सिंह क्षेत्र के बरहपुर का ही निवासी था। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के बरहपुर निवासी रोहित उर्फ गोलू सिंह अपने चचेरे भाई के साथ शाम को शादियाबाद मोड़ पर पहुंचा था, तभी वहां अचानक आये हमलावरों ने रोहित को लाठी डंडे से मारपीट कर बुरी तरह घायलकर दिया।
घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजन उसे अस्पताल ले गये जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कदम उठाने व हमलावर को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश मोकामी पुलिस को दिये। मृतक के पिता ने चार हमलावरों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है। संतान के मृत होने पर परिवार में हाहाकार मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


Views: 8

Advertisements

Leave a Reply