आत्महत्या ! पुत्र ने पिता की रिवाल्वर से खुद को उड़ाया, मामला प्रेम का

गाजीपुर(उत्तर प्रदेश),21 दिसम्बर 2018।मनपसंद स्थान पर अपनी शादी न कराये जाने से क्षुब्ध एक युवक ने आज अपने पिता के रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। घटना जंगीपुर थाना क्षेत्र के तुर्कवलिया गांव में घटी, जहां गांव के अटल कुमार सिंह 20 वर्ष पुत्र विद्याशंकर सिंह ने आज अपने पिता विद्याशंकर सिंह के रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
बताया गया कि विद्याशंकर सिंह के दो पुत्रों में बड़ा पुत्र अटल कुमार पीजी कालेज मलिकपुरा में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था जो बुढ़ानपुर गांव की एक युवती से प्रेम करने लगा। वह उस युवती से शादी कराने के लिए अपने परिवार पर दबाव बनाने लगा परन्तु परिवार के लोग राजी नहीं हुए। उसने अपने पिता से कई बार आग्रह किया परन्तु वे इस शादी के लिए राजी नहीं हुए। आज सुबह एक बार फिर उसने अपने पिता से शादी की बात की तो उन्होंने मना कर दिया। इस बात पर पिता पुत्र में काफी विवाद हुआ और अन्त में वह गुस्से में उठकर घर के भीतर चला गया। घर में ही उसने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी में सटाकर खुद को गोली मार ली। फायर की आवाज सुन पिता व परिजन कमरे की ओर भागे। उन्होंने किसी तरह दरवाजा तोड़ अंदर प्रवेश किया तो वहां की स्थिति देख स्तब्ध रह गये। अटल वहां लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। परिवार के लोग उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर सीओ नगर महिपाल पाठक व थानाध्यक्ष संजय वर्मा मौके पर पहुंचे और घरवालों से पूछताछ के बाद लाइसेंसी रिवाल्वर व एक खोखा कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में मृतक के दादा दरोगा सिंह ने बताया कि अटल जहां शादी करना चाहता था, उसके पिता इंकार कर रहे थे जिसके कारण अटल ने खुद को गोली मार ली।
क्षेत्राधिकारी सदर महिपाल पाठक ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Views: 6

Advertisements

Leave a Reply