बदलापुर महोत्सव ! डिप्टी सीएम ने दी करोड़ों की सौगात
जौनपुर (उत्तर प्रदेश),01 नवम्बर 2018। केंद्र की मोदी सरकार के सबका साथ, सबका विकास के नारे के साथ,उनके सहयोग से आज पूरे प्रदेश में योगी सरकार द्वारा 75 जिलों में विकास कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उक्त उद्गार उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज सल्तनत बहादुर इंटर कालेज बदलापुर के परिसर में प्रथम बदलापुर महोत्सव के उद्घाटन समारोह में व्यक्त किया। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि विकास के रथ का जो पहिया मात्र पांच जिलों तक ही सीमित रहता था, आज वह हर जिले में घूम रहा है जिससे पूरा प्रदेश लाभान्वित हो रहा है।
हमारे विधायको ने अपने अपने क्षेत्र में विकास की गंगा बहाई है और हमारी पुरजोर कोशिश है कि उनके विकास कार्यो में धन आड़े न आये। उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी तथा प्रदेश की योगी सरकार गरीबो के जीवन मे परिवर्तन लाने की सरकार है। कहा कि भारत आज विश्व की बड़ी ताकत भारत बन कर उभरा है और 182 फिट ऊची सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा स्थापित कर एक कीर्तिमान स्थापित किया है। वह विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा है। उन्होंने लोक सभा 2019 के चुनाव में पूर्ण समर्थन के लिए उपस्थित आम जनता से हाथ उठवाकर समर्थन मांगा।
इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री ने जनता की मांग पर बदलापुर खुर्द गांव के पीली नदी पर आठ करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले सेतु(चकरिहवा घाट पुल)की स्वीकृति की सौगात के साथ ही बदलापुर बस स्टेशन, आईटीआई कालेज, फायर ब्रिगेड केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने समाज से जुड़े शिक्षक सत्य देव सिंह, कृष्ण देव दुबे, सरस्वती देवी, उषा यादव, को अंग वस्त्रम, श्रीफल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इसके पूर्व उन्होंने विद्यालय संस्थापक ठाकुर धर्मराज सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। मंच पर विधायक बदलापुर रमेश चन्द्र मिश्रा के साथ जनपद के सांसद डा. केपी सिंह, विधायक लीना तिवारी, डा. हरेंद्र सिंह, दिनेश चौधरी, मंत्री गिरीश यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील उपाध्याय सहित वरिष्ठ नेताओं ने मुख्य अथिति को सामूहिक मालों का हार पहना कर भव्य स्वागत किया।
भोजपुरी के सिने कलाकार रवि किशन, लोक गीत गायक अमलेश शुक्ल व आल्हा समार्ट फौजदार सिंह सहित अन्य कलाकारों ने अपनी गायकी व कला से लोगों को झुमने पर मजबूर कर महोत्सव में चार चाँद लगा दिया।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, प्रबन्धक ओमप्रकाश सिंह, विनय सिंह, गंगा प्रसाद सिंह, अनिल सिंह शक्ति, सत्यम सिंह, जय सिंह, विनोद शर्मा ,सुरेश चौहान, गुड्डू प्रधान ,विनोद तिवारी, धनंजय सेठ, ज्ञानेंद्र सिंह सहित काफी संख्या में भाजपा के नेता,पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता व क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही। महोत्सव की अध्यक्षता सांसद डा0 केपी सिंह, स्वागत भाषण विधायक रमेशचन्द्र मिश्र तथा संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने किया।
Views: 7









