रामलीला !राम राज्याभिषेक संग हुआ समापन
गाजीपुर (उत्तर प्रदेश),28 अक्टुबर 2018 । अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी द्वारा रामलीला मंचन के 19वें दिन रामलीला की अंतिम कड़ी के रूप में हरिशंकरी स्थित श्री राम चबूतरा पर ऐतिहासिक व भव्य मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक पूरे विधि-विधान, मंत्रोच्चारण के बीच हवन पूजन के साथ संपन्न हुआ।
सर्वप्रथम कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएलसी विशाल सिंह चंचल एवं विशिष्ट अतिथि सरिता अग्रवाल एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने प्रभु श्री राम को तिलक व माला पहनाकर विधिवत पूजा अर्चन किया। इसके बाद मंच पर विराजमान हुए कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा गणमान्य लोगों द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी के सम्मानित पदाधिकारी एवं सदस्यों के साथ जिले की जनता को राज्याभिषेक के अवसर पर बधाई दी । उन्होंने कहा कि सैकड़ों साल पुरानी इस महान परंपरा को कमेटी व यहां के लोग, गाजीपुर की जनता इतनी भव्यता के साथ रामलीला मंचन का कार्य कराती आ रही है। यहां आने के बाद मुझे बहुत ही प्रसन्नता और गर्व की अनुभूति होती है। इन लीलाओं व मंचन के कार्य को देखने के बाद यह महसूस होता है कि यहां के लोगों के अंदर प्रभु श्री राम के प्रति गहरी आस्था है। मैं भी राम भक्त हूं। प्रभु श्रीराम में मेरी गहरी आस्था है और वर्तमान सरकार में एक विधायक होने के नाते मुझे यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि देश की जनता की भावना के अनुरूप उत्तर प्रदेश की योगी व केंद्र की मोदी सरकार अयोध्या में प्रभु श्री राम का मंदिर आपसी बातचीत नहीं तो संसद में अध्यादेश लाकर राम मंदिर का भव्य निर्माण का रास्ता साफ करने के प्रति कटिबद्ध है। विशिष्ट अतिथि सरिता अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मैं इसी वार्ड की रहने वाली हूँ। वर्षों से इस रामलीला मंचन को देखती आ रही हूं। मेरी प्रभु श्रीराम में गहरी आस्था है।वर्तमान समय में श्री राम के द्वारा बताए हुए रास्ते पर चलकर समाज को संगठित व मजबूत बनाने के साथ-साथ हर मजहब और धर्म के लोग मिलकर नगर को स्वच्छ व विकास की तरफ ले जाएं, यही मेरी अपील है। उन्होंने इस अवसर पर कमेटी व जनता को राज्याभिषेक के साथ ही छठ और दीपावली की बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान नगर में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं के पंडाल व रामलीला के दौरान अपने कार्य को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के द्वारा पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद आए हुए अतिथियों को कमेटी के मंत्री, अध्यक्ष व पदाधिकारियों द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कमेटी के मंत्री बच्चा तिवारी ने सकुशल रामलीला संपन्न होने के लिए जनता, पुलिस प्रशासन व नगर पालिका परिषद के साथ साथ मीडिया के प्रति भी आभार ज्ञापित किया।
समारोह समापन के अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद के चेयरमैन सरिता अग्रवाल एवं नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, कमेटी के मुख्य संरक्षक जिलाधिकारी के. बालाजी के प्रतिनिधि सीआरओ अजय कुमार अवस्थी एवं सहमुख्य संरक्षक सदर क्षेत्राधिकारी महिपाल सिंह व सदर एसडीएम शिवशरणप्पा सहित विनय कुमार सिंह, प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव, वीरेश राम वर्मा, लव त्रिवेदी, रोहित अग्रवाल, अजय पाठक, ओम नारायण सैनी, राम पूजन सिंह, अशोक अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, कमलेश सिंह लाला, प्रहलाद पांडे, राजेंद्र विक्रम सिंह, नवनीत सिंह, ऋषि चतुर्वेदी, अंशु पांडे, गोपाल जी पांडे, आनंद प्रसाद, विश्व मोहन शर्मा, शिव पूजन तिवारी, चरणजीत सिंह, मयंक तिवारी, मनोज तिवारी, राजेश सिंह गौतम, कृष्ण बिहारी त्रिवेदी समेत भारी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष दीनानाथ गुप्ता तथा संचालन योगेश वर्मा और कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी बच्चा ने किया।
Views: 6









