मंजूरी ! बहराइच और खलीलाबाद के मध्य नई रेल लाइन को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने किया पास
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर 2018 । उत्तर प्रदेश में बहराइच और खलीलाबाद के मध्य नई रेल लाइन के प्रस्ताव को पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने इस आशय के प्रस्ताव को कल पास कर दिया। इस रेल लाइन के निर्माण से उत्तर प्रदेश के बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती और सिद्धार्थ नगर के चार जिलों के यात्रियों को सहुलियत मिलेगी। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस नई रेल परियोजना के निर्माण की अनुमानित लागत 4939.78 करोड़ रुपए है और यह परियोजना 2024-25 में पूरी होगी। इसमें करीब 57.67 लाख मानव दिवस के रूप में प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इस नई रेल लाइन से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह रेल लाइन गौतमबुद्ध के जीवन से जुड़ी श्रावस्ती से होकर गुजरेगी। श्रावस्ती जैन धर्म के मतावलम्बियों का एक महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र भी है। नई रेल लाइन देवी दुर्गा के प्रसिद्ध 51 शक्तिपीठों में से एक देवीपाटन मंदिर के लिए भी बेहतर संपर्क सेवा उपलब्ध कराएगी। ऐसे में यह रेल लाइन भींगा, श्रावस्ती, बलरामपुर, उतरौला, डुमरियागंज, मेहदावल और बंसी से होकर गुजरेगी। इस रेल लाइन की कुल लंबाई 240.26 किलोमीटर होगी। नीति आयोग द्वारा चिन्हित किए गए 115 आकांक्षी जिलों में से 4 इस परियोजना क्षेत्र में हैं। इन जिलों में बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती और सिद्धार्थ नगर शामिल हैं। इस नई रेल लाइन क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक महत्व वाले औद्योगिक विकास के साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास में मददगार होगी। यह बहराइच-खलीलाबाद के बीच वैकल्पिक रेल मार्ग के साथ ही सीमावर्ती जिलों को एक दूसरे से जोड़ेगी। इस रेल लाइन से परियोजना क्षेत्र में पड़ने वाले इलाकों के स्थानीय निवासियों को रेल सेवा उपलब्ध होने के साथ ही वहां के लघु उद्योगों को भी विकसित होने में मदद मिलेगी।
Views: 6








