फहरा तिरंगा ! आजाद हिंद सरकार के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने लाल किले पर फहराया तिरंगा
नई दिल्ली, 21अक्टुबर 2018। नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा सिंगापुर में आज के ही दिन स्थापित “आजाद हिंद सरकार” की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराकर इस दिवस को यादगार बना दिया। अपने उद्वबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि नेताजी ने जिस सेना का सपना देखा था आज भारत उस सेना के निर्माण में आगे बढ़ रहा है। हमारी सेना दिनोंदिन सशक्त बन रही है। हम कभी दूसरे की भूमि पर नजर नहीं डालते परन्तु जो भी भारत की संप्रभुता के लिए चुनौती बनेगा, उसको दोगुनी ताकत से जवाब देंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि नेताजी का एक ही मिशन था भारत की आजादी। इसके लिए उन्होंने आजाद हिंद सरकार’ की स्थापना की थी जिसे 9 देशों की मान्यता दी थी। आज भारत अनेक कदम आगे बढ़ा है, लेकिन अभी नई ऊंचाइयों पर पहुंचना बाकी है। इसी लक्ष्य को पाने के लिए देश संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। एक ऐसा नया भारत, जिसकी कल्पना सुभाष बाबू ने भी की थी।’ उन्होंने कहा कि यह दुखद रहा कि एक परिवार को बड़ा बताने के लिए, देश के अनेक सपूतों, वो चाहें सरदार पटेल हों, बाबा साहेब आंबेडकर हों, उन्हीं की तरह ही, नेताजी के योगदान को भी भुलाने का प्रयास किया गया। समाज के प्रत्येक स्तर पर देश के संतुलित विकास में हर व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण का अवसर और राष्ट्र की प्रगति में उसकी भूमिका, नेताजी के वृहद विजन का हिस्सा थी। सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों को अब प्रति वर्ष नेताजी के जन्मदिन पर 23 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि सैनिकों के वन रैंक, वन पेंशन को सरकार ने पूरा किया और उन्हें 7वें वेतन आयोग का भी फायदा दिया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने इंडियन नेशनल आर्मी (आईएनए )के एक संग्राहलय की आधारशिला भी रखी।
Views: 4









