विभत्स हादसा ! रेलवे ट्रैक पर खड़े लोगों को ट्रेन ने रौंदा

अमृतसर (पंजाब),19अक्टुबर 2018। एक तरफ जहां सारा देश आज विजयादशमी के पर्व पर खुशियां मना रहा था वहीं अमृतसर में यह पर्व रावणदहन देख रहे लोगों पर काल बनकर गिरा। धोबी घाट के समीप जोड़ा रेलवे फाटक के पास दर्शकगण रेलवे लाईन तथा आसपास खड़े हो कर रावण दहन देख रहे थे, तभी जालंधर से अमृतसर को आ रही डीएमयू ट्रेन उन पटरियों पर आ गई।
बताया जा रहा है कि रावण दहन के दौरान तेज आवाज और पटाखों की तेज आवाज में ट्रेन की आवाज दब गयी और रेल पटरियों पर खड़े लोगों को ट्रेन आने का पता नहीं चला और देखते ही देखते ट्रेन लोगों को रौंदते हुए निकल गयी।मात्र कुछ क्षणों वहां चले मौत के तांडव में
लगभग 50 लोगों के मरने तथा काफी लोगों के घायल होने की खबर है। ट्रैक पर क्षत-विक्षत शवों को देखकर उनके परिजन बिलख पड़े। ट्रैक पर क्षत-विक्षत शव बिखरे पड़े हैं तथा आस-पास का क्षेत्र खून से लाल पड़ा है। पंजाब पुलिस तथा रेलवे के आलाधिकारी अपने सहयोगियों के साथ बचाव कार्य में लगे हैं। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गये हैं। बचाव व राहत कार्य जारी है। घायलों को 108 एंबुलेस के जरिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।इस दर्दनाक रेल हादसे पर राष्ट्रपति कोविंद तथा पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा, ‘अमृतसर में हुए हादसे से मुझे बहुत सदमा पहुंचा है। मृतकों के परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। रेल प्रशासन लोगों की मदद में जुटे हुए हैं।’वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘अमृतसर रेल हादसे की वजह से बेहद दुखी हूं। यह घटना दिल दहलाने वाली है। जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया मेरी संवेदना उनके साथ है। मैं प्रार्थना करूंगा कि घायल लोग जल्दी स्वस्थ हों। अधिकारियों से लोगों को त्वरित राहत देने के लिए कहा है।’केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंहने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है।


Views: 8


Leave a Reply