गांधी जयन्ती पर हुआ विभिन्न समारोहों का आयोजन
गाजीपुर (उत्तर प्रदेश),02 अक्टुबर 2018। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयन्ती आज पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाई गयी । पंडित मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज सिखड़ी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती ससमारोह मनाई गई। इस अवसर पर स्वच्छता जागरुकता अभियान के तहद छात्र-छात्राओं तथा विद्यालय परिवार द्वारा संपूर्ण विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता अभियान को गति दी गयी।


इसके उपरांत उत्तर प्रदेश शासन द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को जारी छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र का वितरण ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उ.प्र.के जिला महामंत्री डॉ.ए के राय व एडीओ समाज कल्याण मनिहारी महावीर प्रसाद द्वारा किया गया। छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र पानेवालों में सामान्य जाति के दो, पिछड़ी जाति के बारह तथा अनुसूचितजाति के सत्रह विद्यार्थी शामिल रहे।


इसके उपरांत शैक्षिक समारोह के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन पर छात्र-छात्राओं तथा वक्ताओं द्वारा प्रकाश डालते हुए उनके कार्यों का वर्णन किया गया। समारोह के अध्यक्ष प्रधानाचार्य पारसनाथ राय ने महात्मा गांधी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उनके पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर सुरेश राय, रविन्द्र नाथ राय गौरी शंकर पांडेय, ओम प्रकाश पांडेय,ओमप्रकाश तिवारी, वीरेंद्र कुमार,श्रीप्रकाश तिवारी सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आभार ज्ञापन उप-प्रधानाचार्य योगेन्द्रनाथ राय ने किया।

इसी क्रम में कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षण केन्द्र हाईटेक कालेज आफ मैनेजमेंट एण्ड ई टेक्नोलॉजी हंसराजपुर में महात्मा गांधी की जयन्ती समारोह धुमधाम से मनाई गयी।वक्ताओं ने महात्मा गांधी के जीवन चरित्र का वर्णन करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़ने की सलाह दी। समारोह में प्रमुख वक्ताओं में चन्द्रशेखर यादव,सराजुद्दीन अंसारी, विनोद कुमार, विरेन्द्र कुमार, सुरेश यादव, शिवम राय आदि प्रमुख रहे। कार्यक्रम के अध्यक्ष डायरेक्टर प्रकाश गुप्ता ने अपने उद्वबोधन में महात्मा गांधी के पदचिन्हों पर चलकर स्वच्छता अभियान को अपने जीवन में धारण कर दूसरों को भी प्रेरित करने की सीख दी।
Views: 3









