जयन्ती ! राष्ट्रपिता की जयन्ती पर लोगों ने किया नमन, पीएम मोदी ने दिये चार ‘पी’ के मंत्र
नई दिल्ली, 02 अक्टुबर 2018। राष्ट्र पिता महात्मा गांधी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अनेकों राजनीतिक हस्तियों ने आज राजघाट पहुंच कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। महात्मा गांधी की समाधि पर नमन करनेवालों में पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, भाजपा के वरिष्ठ नेता नेता लाल कृष्ण आडवाणी आदि प्रमुख रहे। इसके उपरांत राष्ट्रपति भवन कल्चरल सेंटर में आयोजित महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्वस्छता सम्मेलन के समापन समारोह में शिरकत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने देश की तस्वीर बदल दी है । देश के हर कोने से लोग अब स्वच्छता की ओर ध्यान दे रहे हैं । लोगों का पूरा ध्यान अब इस तरफ है कि किस तरह से मेरा घर, मेरा मोहल्ला, मेरा शहर और मेरा देश साफ हो । उन्होंने कहा कि यह तो अभी आरम्भ है, हमें अभी काफी आगे जाना है ।मोदी ने कहा कि अब इस अभियान के लिए दुनिया भर में लोग हमारे साथ आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए चार पी जरूरी हैं, पॉलिटिकल लीडरशिप, पब्लिक फंडिंग, पार्टनरशिप और पीपुल्स पार्टिसिपेशन । उन्होंने कहा कि इसके बिना यह अभियान संभव नहीं है । मोदी ने कहा कि आज पूरा देश इस अभियान में उनका साथ दे रहा है जिसका वे आभार मानते हैं और हर दिन लोगों के जुड़ाव को देखकर मन में खुशी होती है ।कहा कि ऐसे युग में जहां असमानताएं स्वाभाविक हैं, महात्मा गांधी का समानता और समावेशी विकास का सिद्धांत विकास के समाज के आखिरी पायदान पर रह रहे लाखों लोगों के लिए समृद्धि के एक नए युग का सूत्रपात कर सकता है। उन्होंने कहा कि एक ऐसे समय में, जब जलवायु-परिवर्तन और पर्यावरण की रक्षा का विषय चर्चा के केंद्र में हैं, दुनिया को गांधी जी के विचारों से सहारा मिल सकता है।
अपने ब्लॉग में मोदी ने कहा, ‘एक ऐसे विश्व में जहां आतंकवाद, कट्टरपंथ, उग्रवाद और विचारहीन नफरत देशों और समुदायों को विभाजित कर रही है, वहां शांति और अहिंसा के महात्मा गांधी के सिद्धांत में आज भी मानवता को एकजुट करने की शक्ति है।’बापू आज भी विश्व में उन लाखों-करोड़ों लोगों के लिए आशा की एक किरण हैं जो समानता, सम्मान, समावेश और सशक्तीकरण से भरपूर जीवन जीना चाहते हैं।
Views: 5









