खुशखबरी ! मोदी कल करेंगे सिक्किम के पहले हवाई अड्डे का उद्घाटन

रांची ,23 सितंबर 2018। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि वह सोमवार को पाकयोंग में बने सिक्किम के पहले हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। नए हवाई अड्डे से सिक्किम देश के बाकी हिस्सों से बेहतर ढंग से जुड़ सकेगा और इससे राज्य के लोगों को काफी फायदा होगा। प्रधानमंत्री आज झारखंड की राजधानी रांची से केंद्र की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत-राष्ट्रीय स्वास्थ्य संरक्षण मिशन (एबी-एनएचपीएम) की शुरुआत के बाद सिक्किम रवाना होंने की जानकारी दी। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘झारखंड में कार्यक्रम के बाद मैं सिक्किम रवाना हो जाऊंगा। सिक्किम में मैं कल पाकयोंग हवाई अड्डे का उद्घाटन करूंगा, जिससे कनेक्टिविटी में सुधार और सिक्किम के लोगों को फायदा होगा।’’यह हवाई अड्डा गंगटोक से करीब 33 किलोमीटर दूर है जिसकी साल 2009 में आधारशिला रखे जाने के करीब नौ साल बाद सिक्किम का यह सपना पूरा होगा।
सिक्किम के मुख्य सचिव ए.के.श्रीवास्तव ने कहा कि पाकयोंग हवाई अड्डा करीब 605 करोड़ रुपए की लागत से 201 एकड़ से ज्यादा जमीन में फैला है और समुद्र तल से 4,500 फुट की ऊंचाई पर बसे पाकयोंग गांव के करीब दो किलोमीटर ऊपर एक पहाड़ी की चोटी पर बनाया गया है जो भारत-चीन सीमा से करीब 60 किलोमीटर दूर है। उन्होंने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने इस हवाई अड्डे का निर्माण किया। ज्ञातव्य है कि अभी सिक्किम का सबसे नजदीकी हवाई अड्डा 124 किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल के बागडोगरा में है।


Views: 5

Advertisements

Leave a Reply