देश द्रोह – गद्दारी ! गोपनीय सूचनाएं देने के आरोप में बीएसएफ कांस्टेबल गिरफ्तार
लखनऊ, 19 सितंबर 2018। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की एजेंट के साथ गोपनीय सूचनाएं साझा करने के आरोप में प्रदेश के एटीएस) ने बीएसएफ के एक कांस्टेबल को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओम प्रकाश सिंह ने आज एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सीमा सुरक्षा बल के कांस्टेबल अच्युतानंद मिश्रा को एटीएस टीम ने मंगलवार को नोएडा सेक्टर-18 से देेश की गोपनीय और संवेदनशील सूचनाएं आईएसआई के साथ साझा करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सिपाही मध्यप्रदेश में रीवा का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला है कि आईएसआई की एक महिला एजेंट ने कांस्टेबल से फेसबुक पर दोस्ती की थी।आईएसआई की उस महिला एजेंट ने कांस्टेबल अच्युतानंद मिश्र को हनीट्रैप में फंसा कर उससे गोपनीय सूचनाएं हासिल कर अपनी एजेंसी को भेज रही थी।
पुलिस प्रमुख ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान मिश्र ने स्वीकार किया है कि उसने भारत के सामरिक महत्व के ठिकानों, आंतरिक सूचनाएं तथा बीएसएफ और सेना के प्रशिक्षण केन्द्रों आदि की सूचनाएं आईएसआई को दी हैं।सिंह ने बताया कि आरोपी से अभी पूछताछ की जा रही है,और मिश्र के खिलाफ देशद्रोह सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।
Views: 4









