अवैध चिकित्सक के विरुद्ध होगी कार्यवाही

गाजीपुर (उत्तर प्रदेश), 12 सितम्बर 2018। गांव की एक महिला को बगैर किसी मेडिकल योग्यता के गांव में अवैध ढंग से चिकित्सक बन चिकित्सा कार्य करना भारी पड़ गया। उसी गांव के एक युवक के आवेदन का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने उस तथाकथित चिकित्सक के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इससे गांव में सनसनी फैल गई है। घटना बिरनो थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव की है। वाजिदपुर निवासी आरिफ सिद्दीकी ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर गांव की ही महिला अंजूम आरा द्वारा गांव में अवैध ढंग से चिकित्सा कार्य करने पर उसके विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की थी। आरिफ सिद्दीकी के आवेदन पर डीएम ने सीएमओ को इस प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया था। सीएमओ द्वारा इसकी जांच प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मनिहारी के चिकित्साधिकारी को सौंपी गयी थी। उन्होंने गत माह अंजूम आरा के वाजिदपुर निवास पर पहुंच जांच की और वगैर किसी चिकित्सकीय योग्यता के उन्हें चिकित्सा कार्य करते पाया था और इसकी रिपोर्ट सीएमओ को दे दी। इस सम्बन्ध में आरिफ सिद्दीकी ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा मिले निर्देश के आधार पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने चिकित्सा अधिकारी मनिहारी से उक्त महिला के खिलाफ बिरनो थाने में मुकदमा दर्ज कराने हेतु आदेशित किया था।


Views: 2

Advertisements

Leave a Reply